बुंडू पहुंचे डीडीसी : मार्केट कम्पलेक्स का किया औचक निरीक्षण,गुणवत्ता को लेकर मिली थी शिकायतें
रांची:डीडीसी सौरभ कुमार ने गुरुवार को बुंडू जिला परिषद परिसर में बन रहे मार्केट कम्पलेक्स का औचक निरीक्षण किया. जिला परिषद द्वारा लगभग 3.70 करोड़ रुपये की लागत से कुल 42 दुकानों का निर्माण बुंडू में किया जा रहा है. दरअसल, दुकानों के निर्माण कार्य में गुणवत्ता को लेकर डीडीसी को शिकायतें मिली थी.
निरीक्षण के पश्चात डीडीसी ने बताया कि उक्त मार्केट कम्पलेक्स के निर्माण से बुंडू के वेंडरों को काफी सहायता मिलेगी, लेकिन इसका निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए. इसी की जांच के लिए वे यहां पहुंचे हैं. उन्होंने कहा कि कार्य में किसी तरह की खामियां बर्दाश्त नहीं की जाएगी. दुकानों के अलॉटमेंट पूरी तरह से पारदर्शी तरीके से की जाएगी.
डीडीसी ने कहा किपुराने कम्पलेक्स के दुकानों के आवंटन में धांधली की शिकायतें मिलीं है, जांच के बाद यदि अनियमितता पाई जाती है तो आवंटन रद्द कर दिया जाएगा. निर्माण में गुणवत्ता को लेकर मिली शिकायतों के विषय में उन्होंने कहा कि एक टीम गठित कर दी गई है, जो निर्माण कार्य के गुणवत्ता की जांच करेगी.
उन्होंने स्थानीय लोगों से भी बातचीत कर स्थिति का जायजा लिया. कहा कि लिखित शिकायत मिलने पर जांच के पश्चात कार्रवाई अवश्य की जायेगी.
मौके पर विभाग के कार्यपालक अभियंता गुप्तेश्वर राम ने कहा कि पहले भी दो बार मार्केट कॉम्प्लेक्स का जांच हो चुका है, इसके बाद भी गुणवत्ता पर कुछ कमियां मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी. निरीक्षण में अन्य विभागीय पदाधिकारी भी मौजूद रहे.