शौचालय निर्माण को ले विवाद : भाई ने भतीजा और भाइयों पर चलाई गोली; तीन जख्मी

बिहार-सुपौल जिले के छातापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत माधोपुर गांव वार्ड संख्या-04में शुक्रवार की देर रात पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। एक युवक ने अपने ही दो सगे भाइयों और एक भतीजे पर गोली चला दी। घटना में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, माधोपुर निवासी चंदन राम और उसके दोनों बड़े भाई सुशील राम एवं सुनील राम (सभी पिता-स्व. सुख सागर राम) के बीच लंबे समय से शौचालय निर्माण को लेकर विवाद चल रहा था। इसी क्रम में शुक्रवार की रात लगभग11बजे के आसपास चंदन राम ने अपने भाइयों पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से1. सुशील राम, 2. सुनील राम और3. गुड्डु राम (पुत्र सुनील राम) गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र छातापुर पहुंचाया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज हेतु सुपौल सदर अस्पताल रेफर कर दिया। तीनों की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही छातापुर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने घटना के आरोपी चंदन राम को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है।
एसपी शरथ आरएस ने प्रेस रिलीज जारी कर घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि छातापुर पुलिस द्वारा विधिसम्मत अग्रतर कार्रवाई की जा रही है। वहीं, गांव में फिलहाल स्थिति सामान्य बनी हुई है और पुलिस पूरे मामले पर कड़ी निगरानी रखे हुए है।
पुलिस इस घटना को पारिवारिक विवाद का नतीजा मान रही है और पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है। गांव में इस घटना के बाद सनसनी फैल गई है,लेकिन प्रशासन की तत्परता से स्थिति नियंत्रण में है।