बिहार सक्षमता परीक्षा फेज-5 का रिजल्ट जारी : आधिकारिक वेबसाइट पर देखें परिणाम,कुल सफलता दर रही 30 प्रतिशत
पटना: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने मंगलवार को सक्षमता परीक्षा-5, 2026 का परिणाम जारी कर दिया। यह स्थानीय निकाय के शिक्षकों को राज्यकर्मी का दर्जा देने की प्रक्रिया के तहत आयोजित पांचवीं और अंतिम सक्षमता परीक्षा थी। परीक्षा का परिणाम समिति की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिया गया है, जहां अभ्यर्थी अपने एप्लिकेशन नंबर और जन्मतिथि के माध्यम से लॉगिन कर रिजल्ट देख सकते हैं।
परीक्षा में कुल 4,353 शिक्षक हुए सफल
समिति के अनुसार, 5 से 8 जून 2026 तक आयोजित इस कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) में कुल 14,512 शिक्षक शामिल हुए थे। इनमें 6,559 पुरुष और 7,953 महिला अभ्यर्थी थे। परीक्षा में कुल 4,353 शिक्षक सफल हुए हैं,जबकि कुल सफलता दर 30 प्रतिशत रही। कक्षा 1 से 5 वर्ग में 13,235 अभ्यर्थियों में से 3,868, कक्षा 6 से 8 में 781 में से 313, कक्षा 9 से 10 में 367 में से 122 तथा कक्षा 11 से 12 में 129 में से 50 शिक्षक सफल घोषित किए गए हैं।
सभी वर्गों के लिएन्यूनतमप्रतिशत अंक तय
समिति ने बताया कि परीक्षा में 150 वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे गए थे और इसका आयोजन पूरी तरह ऑनलाइन माध्यम से किया गया। सामान्य वर्ग के लिए न्यूनतम 40 प्रतिशत अंक, बीसी के लिए 36.5 प्रतिशत, ईबीसी के लिए 34 प्रतिशत तथा एससी, एसटी, दिव्यांग और महिला अभ्यर्थियों के लिए 32 प्रतिशत अंक निर्धारित थे।
शिक्षा विभाग करेगासफल अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग
बीएसईबी ने स्पष्ट किया है कि यह परिणाम फिलहाल प्रोविजनल है। सफल अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग शिक्षा विभाग द्वारा कराई जाएगी, जिसकी अलग से सूचना जारी होगी। समिति के अनुसार, पांचों सक्षमता परीक्षाओं को मिलाकर अब तक कुल 2,71,133 शिक्षक सफल हो चुके हैं।