BIHAR NEWS : पत्रकारों के साथ बदसलूकी मामले में नौबतपुर थानेदार के खिलाफ DGP ने दिया IG को जांच का आदेश
पटना :आए दिन पुलिस कर्मियों के द्वारा पत्रकारों के साथ बदतमीजी करने का मामला सोशल मीडिया पर वायरल होता है और कार्रवाई भी होती है. पर कहीं-कहीं पुलिस वाले के द्वारा की गई बदतमीजी कैमरे में रिकॉर्ड नहीं हो पाती है. कुछ इसी तरह का मामला पिछले दिनों पटना के सिटी एसपी पश्चिमी भानु प्रताप के यहां देखने को मिला जहां एसपी कार्यालय के बाहर नौबतपुर थाना अध्यक्ष मनजीत ठाकुर के द्वारा दर्जन भर पत्रकार के साथ गाली गलौज किया गया तथा झूठे मुकदमे में जेल भेजने की धमकी दी गई. इस दौरान वहां आपाधापी का माहौल कायम हो गया और पूरे मामले की जांच करते हुए कार्रवाई करने की बात सिटी एसपी के द्वारा कही गई थी. घटना के लगभग दो दिन बीत जाने के बाद भी जब संबंधित थानेदार पर कार्रवाई नहीं हुई तो श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के बैनर तले यूनियन के महासचिव मुकुंद कुमार सिंह,उपाध्यक्ष आकाश कुमार,चंदन तिवारी,अनिल कुमार,सहित दर्जनों पत्रकारों ने बिहार के डीजीपी से मुलाकात की और बदतमीजी करने वाले थानेदार मंजीत ठाकुर के खिलाफ शिकायत किया.
मामले की जानकारी मिलते ही डीजीपी ने पटना आईजी को पूरे मामले की जांच करते हुए कार्रवाई करने का आदेश जारी किय है.
बता दें कि पत्रकारों के साथ बदतमीजी करने वाले थानाध्यक्ष मनजीत ठाकुर का विवादों से पुराना नाता रहा है. जब वह मनेर में तैनात थे तभी आपसी विवाद को लेकर उन्हें क्लोज किया गया था. फिर पटना के खुसरूपुर थाना में जब वह थानेदार बने तो जमीन विवाद के एक मामले में उन पर कार्रवाई करते हुए क्लोज किया गया. फिर कुछ दिन बाद उनको पटना सिटी के चौक थाने की कमान दी गई जहां उनके द्वारा काम में लापरवाही बरतने के आरोप में बिहार के डीजीपी के द्वारा सस्पेंड करने तथा विभागीय कार्रवाई करने का मौखिक आदेश दिया गया था. लेकिन कुछ दोनों बाद उन्हें पटना के नौबतपुर थाना के थानेदार बना दिया गया. अब पत्रकार के साथ बदतमीजी करने के मामले में एक बार फिर बिहार के डीजीपी ने पटना आईजी को पूरे मामले का जांच कर कार्रवाई करने का आदेश दिया है.
विवेक कुमार रॉय की रिपोर्ट--