BIHAR NEWS : पटना विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव को लेकर हंगामा, प्रेसीडेंशियल डिबेट की मांग पर घेराव
Patna : पटना विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव को लेकर माहौल गरमा गया है. प्रेसीडेंशियल डिबेट आयोजित कराने की मांग को लेकर आइसा की अध्यक्ष प्रत्याशी सबा आफरीन ने समर्थकों के साथ प्रशासनिक पदाधिकारियों का घेराव किया.
छात्रों का कहना है कि अध्यक्ष पद के उम्मीदवारों के बीच खुली बहस (प्रेसीडेंशियल डिबेट) लोकतांत्रिक प्रक्रिया का अहम हिस्सा है. इससे छात्र-छात्राओं को उम्मीदवारों की नीतियों,विचारों और प्राथमिकताओं को समझने का अवसर मिलता है. प्रदर्शनकारी छात्रों ने मांग की है कि विश्वविद्यालय प्रशासन जल्द से जल्द डिबेट की तिथि घोषित करे.
इस दौरान नारेबाजी भी की गई और प्रशासन से पारदर्शी एवं निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित करने की अपील की गई. सबा आफरीन ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव केवल औपचारिक प्रक्रिया नहीं,बल्कि कैंपस की लोकतांत्रिक संस्कृति का प्रतीक है. यदि डिबेट नहीं कराई जाती है तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा.
वहीं विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से फिलहाल आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. कैंपस में स्थिति को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाई गई है.
पटना से अंकिता की रिपोर्ट--