BIHAR NEWS : सांसद पप्पू यादव जेल से बाहर निकलते ही पहुंचे फुलवारी शरीफ, मृत छात्रा के परिजनों से की भेंट
पटना : राजधानी पटना के फुलवारी शरीफ में 12 वीं कक्षा की छात्रा के मौत मामले में बेऊर जेल से बाहर निकलते ही पूर्णिया सांसद पप्पू यादव छात्रा के परिजन से मिलने उसके घर पहुंचे. उन्होंने दुख की इस घड़ी में परिवार को सांत्वना दिया.
संवाददाताओं से बात करते हुए पप्पू यादव ने कहा कि हमारे आपके घर में कोई बहन, बेटी सुरक्षित नहीं हैं. माफिया हॉस्टल मालिक, हॉस्पिटल मालिक सारे माफिया सारे लोग मस्त हैं.
पप्पू यादव ने कहा कि मैं नेताओं का नाम नहीं लूंगा, नेता गाली देने लगते हैं, पदाधिकारी का नाम नहीं लूंगा, पदाधिकारी मरवा देंगे. नेताओं का नाम लेने के कारण ही मुझे जेल हुआ. मुझे सिर्फ न्यायालय पर भरोसा है और किसी पर नहीं नेताओं की जुमलाबाजी सिर्फ रहती है.
बता दें कि पटना के बेऊर जेल से छूटने के बाद पूर्णिया सांसद पप्पू यादव सीधे फूलवारी शरीफ गये. छत से गिरने से छात्रा की मौत के बाद पीड़ित परिवार वालों से मुलाकात की. वहां उन्होंने कहा कि बेटी अब सुरक्षित नहीं है. मुझे भी यह लोग मरवा सकते हैं. जब मुझे पीएमसीएच ले गए थे. वहां डाक्टर के द्वारा गलत इंजेक्शन दिया गया. इसके बाद मेरी तबीयत और बिगड़ गई. मैं सरकार से पूछना चाहता हूं कि वर्तमान विधायक और सांसद कहां हैं जो अब तक पीड़ित परिवार से मिलने तक नहीं पहुंचे.