Hindi News / पटना में नगर आयुक्त ने वार्ड पार्षदों के साथ किया वार्ड 1, 2,...

BIHAR NEWS : पटना में नगर आयुक्त ने वार्ड पार्षदों के साथ किया वार्ड 1, 2, 5 एवं 6 का निरीक्षण

Edited By:  |
bihar news

Patna : पटना नगर निगम द्वारा मानसून पूर्व तैयारियों की व्यापक समीक्षा की जा रही है. इसी क्रम में नगर आयुक्त द्वारा जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित पदाधिकारियों के साथ वार्डवार स्थलीय निरीक्षण कर जलनिकासी,साफ-सफाई,जलापूर्ति तथा अन्य नागरिक सुविधाओं की वस्तुस्थिति का आकलन किया जा रहा है. सोमवार को नगर आयुक्त ने संबंधित वार्ड पार्षदों के साथ वार्ड संख्या 1,2,5 एवं 6 का विस्तृत निरीक्षण किया.

निरीक्षण के दौरान वार्ड संख्या 1 के जयप्रकाश नगर,मे-फ्लावर एवं ज्ञानदीप जैसे कच्ची बसावट वाले क्षेत्रों का दौरा किया गया. क्षेत्र की समस्याओं को देखते हुए नगर आयुक्त ने नाला-सह-सड़क निर्माण हेतु योजना एवं प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश दिए. साथ ही मानसून के दौरान प्रभावी जलनिकासी सुनिश्चित करने के लिए पंप सेट की व्यवस्था करने को कहा. घुड़दौड़ रोड-1 में चल रहे सड़क पुनर्स्थापन कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अभियंता को 14 जून तक कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया गया.

निरीक्षण के दौरान बुडको के प्रतिनिधियों ने स्लुईस गेट मरम्मत कार्य पूर्ण होने की जानकारी दी. नगर आयुक्त ने बुडको से कार्य पूर्णता प्रमाण-पत्र प्राप्त करने तथा स्थल पर उच्च क्षमता का पंप स्थापित करने के निर्देश दिए,ताकि गंगा के जलस्तर में वृद्धि की स्थिति में भी जलनिकासी सुचारु बनी रहे.

निराला नगर में जलापूर्ति पाइपलाइन एवं बोरिंग व्यवस्था की समीक्षा के दौरान स्थानीय पार्षद ने अवगत कराया कि क्षेत्र में जलापूर्ति नेटवर्क के विस्तार एवं क्षमता वृद्धि की आवश्यकता है. उन्होंने बताया कि वर्तमान पाइपलाइन की वहन क्षमता सीमित होने के कारण पंप के माध्यम से उच्च दबाव पर जलापूर्ति किए जाने पर विभिन्न स्थानों पर लीकेज की समस्या उत्पन्न हो रही है. मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर आयुक्त ने जलापूर्ति प्रमंडल को विस्तृत तकनीकी प्रतिवेदन प्रस्तुत करने तथा आवश्यक सुधारात्मक उपायों का प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया.

अंबेडकर कॉलोनी में नगर निगम द्वारा निर्माणाधीन नाले का निरीक्षण करते हुए यह पाया गया कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा निर्माणाधीन मैनहोल में प्लास्टिक एवं अन्य कचरा डालने से कार्य प्रभावित हो रहा है. नगर आयुक्त ने प्रभारी सफाई निरीक्षक को प्रतिदिन स्थल का निरीक्षण कर नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. विदित है कि परियोजना के अंतर्गत लगभग 200 मीटर नाला निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है तथा शेष 500 मीटर कार्य भी शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा.

वार्ड संख्या 6 के निरीक्षण के दौरान राजीव नगर में विभिन्न स्थानों पर चैंबर खुलवाकर नगर आयुक्त ने स्वयं सिल्ट स्तर की जांच की तथा मॉप-अप राउंड निरंतर जारी रखने के निर्देश दिए. रोड संख्या 14/15 में बुडको द्वारा निर्माणाधीन बॉक्स ड्रेन कार्य को शीघ्र पूरा करने पर बल दिया गया. साथ ही,पटना नगर निगम द्वारा रोड संख्या 24-ए एवं 24-बी को ह्यूम पाइप के माध्यम से मुख्य नाले से जोड़ने के कार्य की समीक्षा करते हुए कार्यपालक अभियंता को पुनः नाले के लेवल की जांच कर गुणवत्ता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.

वार्ड संख्या 5 में फ्रेंड्स कॉलोनी मोड़ पर सड़क के दोनों ओर निर्मित चैंबरों को आपस में जोड़ने के निर्देश दिए गए. इसके अतिरिक्त रोड संख्या-1 में जलापूर्ति पाइपलाइन की लीकेज की समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया.

वार्ड संख्या 2 के निरीक्षण के दौरान स्थानीय पार्षद ने विजय नगर क्षेत्र में कई दिनों से कचरा वाहन नहीं आने के कारण कचरा उठाव बाधित होने की जानकारी दी. नगर आयुक्त ने संबंधित क्षेत्र के लिए निर्धारित वाहन की पिछले एक सप्ताह की जीपीएस ट्रैकिंग रिपोर्ट की जांच कराने के निर्देश दिए.

गांधीनगर एवं लेटर बॉक्स गली में बुडको द्वारा निर्मित नालों के संबंध में स्थानीय नागरिकों द्वारा लेवल संबंधी शिकायतें सामने आईं. इस पर नगर आयुक्त ने बुडको को पुनः स्थल निरीक्षण कर तकनीकी जांच करने तथा आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

निरीक्षण के दौरान वार्ड -1 की पार्षद छठिया देवी,वार्ड-2 की पार्षद बबीता कुमारी,वार्ड 5 की पार्षद दीपा रानी खान,वार्ड 6 की पार्षद धनराज देवी,पाटलिपुत्र अंचल की कार्यपालक पदाधिकारी,पाटलिपुत्र प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता एवं बुडको के प्रतिनिधि उपस्थित रहे.

पटना से अंकिता की रिपोर्ट--