BIHAR NEWS : बिहार की कला, संस्कृति एवं विरासत के संरक्षण-संवर्धन को नई मजबूती, राज्य मंत्रिपरिषद ने 3 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को दी स्वीकृति
पटना:बिहार की कला,संस्कृति,पुरातात्विक एवं पांडुलिपि विरासत के संरक्षण,संवर्धन और वैज्ञानिक प्रबंधन की दिशा में राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं.राज्य मंत्रिपरिषद ने कला एवं संस्कृति विभाग से संबंधित तीन महत्वपूर्ण प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की है.
मंत्रिपरिषद ने पुरातत्व निदेशालय,कला एवं संस्कृति विभाग के अंतर्गत पूर्व से स्वीकृत कुल 16 तकनीकी पदों के विरुद्ध 12 पदों पर 11 माह अथवा नियमित नियुक्ति होने तक,जो भी पहले हो,संविदा के आधार पर नियोजन के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की है.
तकनीकी कर्मियों की उपलब्धता से राज्य के पुरातात्विक स्थलों एवं स्मारकों से संबंधित उत्खनन,अन्वेषण,सर्वेक्षण,संरक्षण,सौंदर्यीकरण,जीर्णोद्धार,संवर्धन एवं अन्य महत्वपूर्ण तकनीकी कार्यों के कुशलतापूर्वक प्रबंधन एवं संचालन में सहायता मिलेगी.
इसके साथ ही मंत्रिपरिषद ने भारत सरकार की फ्लैगशिप स्कीम‘ज्ञान भारतम् मिशन’के अंतर्गत सर्वेक्षित पांडुलिपियों के डिजिटलीकरण एवं मेटाडेटा निर्माण की योजना को स्वीकृति प्रदान की है.योजना के क्रियान्वयन के लिए कुल ₹6,23,68,718 (छह करोड़ तेईस लाख अड़सठ हजार सात सौ अठारह रुपये) के व्यय की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है.
भारत की समृद्ध ज्ञान परंपरा एवं बौद्धिक विरासत को संरक्षित करने के उद्देश्य से संचालित ज्ञान भारतम् मिशन के तहत पांडुलिपियों का वैज्ञानिक सर्वेक्षण,डिजिटलीकरण एवं अभिलेखीकरण किया जा रहा है.इस योजना से बहुमूल्य पांडुलिपियों को डिजिटल स्वरूप में सुरक्षित रखने के साथ उन्हें शोधार्थियों,विद्यार्थियों,आम नागरिकों एवं आने वाली पीढ़ियों के लिए सुलभ बनाने में मदद मिलेगी.
‘हर घर तिरंगा अभियान 2026’के लिए ₹6.12 करोड़ की स्वीकृति
राज्य मंत्रिपरिषद ने कला एवं संस्कृति विभाग के‘हर घर तिरंगा अभियान 2026’के सफल आयोजन के लिए ₹6,12,00,000 (छह करोड़ बारह लाख रुपये) के व्यय को भी स्वीकृति प्रदान की है.इस निर्णय से राज्य में अभियान के सफल आयोजन एवं इससे संबंधित गतिविधियों के क्रियान्वयन का मार्ग प्रशस्त होगा.
बिहार सरकार के कला एवं संस्कृति विभाग के माननीय मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने कहा कि राज्य सरकार के ये निर्णय बिहार की ऐतिहासिक,पुरातात्विक एवं पांडुलिपि विरासत के संरक्षण के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं राष्ट्रीय चेतना को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है.इससे एक ओर पुरातत्व निदेशालय की तकनीकी क्षमता मजबूत होगी,वहीं दूसरी ओर बिहार की बहुमूल्य ज्ञान परंपरा को आधुनिक तकनीक के माध्यम से संरक्षित कर व्यापक स्तर पर उपलब्ध कराने का मार्ग प्रशस्त होगा.‘हर घर तिरंगा अभियान 2026’के माध्यम से राज्यभर में राष्ट्रीय गौरव एवं देशभक्ति की भावना को और व्यापक बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा.
पटना से अंकिता की रिपोर्ट