Hindi News / बिहार संग्रहालय की विश्व पटल पर अलग पहचान - मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार

BIHAR NEWS : बिहार संग्रहालय की विश्व पटल पर अलग पहचान - मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार

Edited By:  |
bihar news

पटना : कला एवं संस्कृति विभाग के मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने कहा है कि बिहार के संग्रहालय की पहचान पूरी दुनिया में बेहद खास है. यहां मौजूद अलग-अलग संग्रहालय अपनी विभिन्न खासियतों के लिए जाने जाते हैं. मंत्री मंगलवार को अपने कार्यालय कक्ष में नवनियुक्त 9 सहायक संग्रहालयाध्यक्षों को नियुक्ति पत्र सौंप रहे थे. इस मौके पर उन्होंने कहा कि इस पहल से राज्य के संग्रहालय बेहद मजबूत होंगे और उनका संरक्षण सही तरीके से हो सकेगा.

मंत्री ने इसे खास पहल बताते हुए कहा कि राज्य में कुल 26 संग्रहालय हैं, जिनमें पिछले कई वर्षों से बड़ी संख्या में पद रिक्त पड़े थे. इस माले में संज्ञान लेते हुए विभागीय अधिकारियों ने नियुक्ति की प्रक्रिया को शीघ्र पूरा कर लिया. मंत्री ने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि नवनियुक्त पदाधिकारी सच्ची लगन और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें. बिहार का संग्रहालय विश्वभर में अपनी अलग पहचान रखता है.

इन्हें मिला नियुक्ति पत्र

विभाग की तरफ से जारी अधिसूचना के अनुसार नियुक्ति पत्र पाने वाले अधिकारियों को राज्य के विभिन्न संग्रहालयों एवं सांस्कृतिक संस्थानों में पदस्थापित किया गया है. शानु आनंद को वैशाली स्थित बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय सह स्मृति स्तूप,सुजीत तिवारी को रामचंद्र शाही संग्रहालय मुजफ्फरपुर,अमित रंजन को गया संग्रहालय,सुधा सिंह को बक्सर के सीताराम उपाध्याय संग्रहालय और जगदीशपुर के बाबू वीर कुंवर सिह स्मृति संग्रहालय,डॉ. सुमन कुमारी को नवादा के नारद संग्रहालय,दीपा चौहान को छपरा संग्रहालय,रविकान्त कुमार को दरभंगा के चंद्रधारी संग्रहालय,दिलीप कुमार को लखीसराय संग्रहालय और रीता कुमारी को बेगूसराय संग्रहालय की जिम्मेवारी सौंपी गई है.

इस मौके पर विभाग के सचिव प्रणव कुमार,सांस्कृतिक निदेशालय की निदेशिका रूबी,संग्रहालय निदेशक कृष्ण कुमार,उप सचिव महमूद आलम समेत अन्य मौजूद रहे.

पटना से राजीव रंजन की रिपोर्ट-