BIHAR NEWS : बुढ़ापे का सहारा बनी कलाकार पेंशन, सम्मान के साथ जी रहे बिहार के कलाकार
पटना : मुख्यमंत्री कलाकार पेंशन योजना प्रदेश के कई कलाकारों के अब वरदान साबित हो रहा है. राज्य के कलाकारों के जीवन को बेहतर एवं आर्थिक रुप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रदेश सरकार ने इस कल्याणकारी योजना को लागू किया है. योजना के तहत कलाकारों को3हजार रुपये प्रति माह पेंशन सहायता के रूप में दी जायेगी जिससे वे अपने बुढ़ापे के दिनों में सम्मानजनक जीवन यापन कर सकें.
इसी कड़ी में कई अलग-अलग क्षेत्र के कलाकारों ने3हजार प्रति महीने पेंशन पाने के बाद अपने अनुभवों को साझा किया. उन्होंने कहा कि बिहार सरकार की यह योजना हम कलाकारों के उत्थान व सम्मानपूर्वक जीवन -यापन के लिए बेहद कारगर साबित हो रही है. इससे हम कलाकारों को आर्थिक बल के अलावा दूसरे राज्य या देशों में अपने-अपने कला का प्रदर्शन करने के लिए आत्म विश्वास भी मिल रहा है.
सरकार ने पेंशन योजना से कलाकारों को दिया सम्मान-कवि विवेकानंद
किशनगंज जिले के रहने वाले59वर्षीय कवि विवेकानंद ठाकुर ने कहा कि कलाकार पेंशन योजना ने हम कलाकारों को बेहद सम्मानजनक स्थिति में पहुंचाया है. पेशे से कवि व लेखक विवेकानंद अब तक8से अधिक किताब लिख चुके हैं. उन्होंने अपने अनुभव को साझा करते हुए कहा कि हाल ही में स्थानीय भाषा सुरजापुरी में'कुकडूमर्कूं'किताब लिखी है. जिससे इस भाषा में पहला काव्य पुस्तक के तौर पर जाना जा रहा है. साथ ही उन्होंने बताया कि उनकी किताब फेसबुक का रमन एक्सप्रेस भी काफी प्रसिद्ध हुई है. बिहार सरकार द्बारा हर महीने3हजार पेंशन मिलने से वे बहुत खुश हैं और वे अपने कला को और अधिक ऊंचाईयों पर ले जाने के लिए और लगातार प्रयास कर रहे हैं.
घटमवादक बासुकीनाथ ने योजना को बताया जीवनदान
वहीं जहानाबाद जिले के टेहटा निवासी54वर्षीय घड़ा यानि घटमवादक बासुकीनाथ पेशे से तबलावादक है. जो बिहार सहित अन्य जगहों पर जाकर अपनी कला का प्रदर्शन करते हैं. उन्होंने कलाकार पेंशन योजना का लाभ मिलने पर कहा कि इस क्षेत्र में उन्हें25-30साल का अनुभव प्राप्त है. आमतौर पर बुढ़ापे के दिनों में कलाकारों को कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. यह योजना हमारे लिए जीवनदान साबित हो रहा है. अब हम कलाकार भी अपने बुढ़ापे के दिनों में सिर उठाकर जी सकेंगे. साथ ही हमें अपने जीवन-व्यापन के लिए किसी पर निर्भर होने की जरूरत नहीं होगी. उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री व कला व संस्कृति विभाग का दिल से धन्यवाद व्यक्त किया है.
कलाकार पेंशन योजना से लाभान्वित कलाकारों ने बिहार सरकार की इस जनकल्याणकारी पहल को कलाकारों के सम्मान,सुरक्षा और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है. उन्होंने कहा कि यह योजना न सिर्फ आर्थिक सहयोग प्रदान कर रही है,बल्कि समाज में कलाकारों के योगदान को पहचान और गरिमा भी दे रही है.