BIHAR NEWS : दानापुर में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी एवं मंत्री रामकृपाल ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा का किया अनावरण
दानापुर : पटना से सटे दानापुर के पाटलिपुत्र स्टेशन के समीप लालू नगर में सोमवार को भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा का भव्य अनावरण समारोह आयोजित किया गया. कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री जीतन राम मांझी, बिहार के मंत्री रामकृपाल यादव, दीघा विधायक संजीव चौरसिया एवं भाजपा जिलाध्यक्ष रजनीश कुमार ने संयुक्त रूप से अंबेडकर प्रतिमा का अनावरण किया. इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, स्थानीय समाजसेवी और आम लोग मौजूद रहे.
समारोह को संबोधित करते हुए केन्द्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि जिसने शिक्षा का प्रचार-प्रसार किया, वही समाज को आगे बढ़ाने में सफल हुआ है. उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने शिक्षा को सबसे बड़ा हथियार बताया और समाज के वंचित वर्गों को आगे बढ़ाने का मार्ग प्रशस्त किया.
वहीं मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि डॉ. अंबेडकर द्वारा दिया गया संविधान देश की मजबूती की नींव है और उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं. उन्होंने युवाओं से बाबा साहेब के आदर्शों को अपनाने की अपील की. कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया.
इस अवसर पर आयोजक सतीश पासवान, चंदन सिन्हा, गुड्डू सिंह, डबलू सिंह, प्रफुल्ल चंद्र सुधांशु, विकास चौबे, अजय पासवान, प्रभा देवी समेत कई समाजसेवी लोग शामिल रहे.
दानापुर से अभय राज की रिपोर्ट--