Hindi News / गांधी मैदान में 5,000 नए गृह रक्षकों की पासिंग आउट परेड, मुख्यमंत्री ने...

BIHAR NEWS : गांधी मैदान में 5,000 नए गृह रक्षकों की पासिंग आउट परेड, मुख्यमंत्री ने दिलाया सेवा का संकल्प

Edited By:  |
bihar news

पटना : बिहार गृह रक्षा वाहिनी के नवनामांकित 5,000 गृह रक्षकों का दीक्षांत एवं पारण परेड समारोह गुरुवार को पटना के गांधी मैदान में आयोजित किया गया. इस अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने परेड की सलामी ली और जवानों के विभिन्न फॉर्मेशन का निरीक्षण किया.

समारोह में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी,मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव,गृह विभाग के वरिष्ठ अधिकारी,बिहार पुलिस के महानिदेशक समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे. परेड में बड़ी संख्या में महिला गृह रक्षकों ने भी हिस्सा लिया और अपने प्रशिक्षण कौशल का प्रदर्शन किया.


मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नवचयनित जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशिक्षण के दौरान सीखे गए अनुशासन,समर्पण और सेवा भाव को अब धरातल पर उतारने का समय है. उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा,सहायता और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सबसे बड़ी जिम्मेदारी है.


मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार सरकार गृह रक्षकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है. आधुनिक बैरकों,आवासीय सुविधाओं और कल्याणकारी योजनाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है,ताकि जवान पूरी निष्ठा के साथ अपनी सेवाएं दे सकें.


उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ सुरक्षा संबंधी चुनौतियां भी बदल रही हैं. ऐसे में जवानों को साइबर अपराध,तकनीक के उपयोग और आपदा प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में भी दक्ष होना होगा. मुख्यमंत्री ने सभी जवानों से मुस्तैदी,अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ सेवा करने का आह्वान किया.



पटना से अंकिता की रिपोर्ट--