BIHAR NEWS : पटना हाईकोर्ट ने राज्य सरकार से पूछा- किस वजह से हो रहा वायु प्रदूषण ?

Edited By:  |
bihar news

Patna : पटना हाईकोर्ट में वायु प्रदूषण को लेकर चल रहे जनहित याचिका पर सुनवाई 12 फरवरी,2026 तक के लिए टल गई है. पिछली सुनवाई में कोर्ट ने राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और राज्य सरकार को यह बताने को कहा था कि आखिर किस वजह से वायु प्रदूषण हो रहा है. कोर्ट ने यह भी जानना चाहा था कि पटना में वायु प्रदूषण के कौन कौन सा मुख्य कारक है.

इस जनहित याचिका की सुनवाई चीफ जस्टिस संगम कुमार साहू की खंडपीठ द्वारा की जा रही है. कोर्ट ने पिछली सुनवाई में ये जानना चाहा था कि गाड़ी से कितना,धूल कण से कितना,निर्माण कार्य से कितना,और अन्य कारणों से कितना वायु प्रदूषण हो रहा है. कोर्ट का कहना था कि सिर्फ गाड़ी से प्रदूषण इतना नहीं होगा कि लोग स्वच्छ रूप से सांस नहीं ले सकें.

कोर्ट ने वायु प्रदूषण को लेकर छपी खबर पर स्वतः संज्ञान लेते हुए कार्रवाई शुरू की थी. हाईकोर्ट की ओर से कोर्ट मित्र के रूप में बहाल अधिवक्ता शम्भू शरण सिंह ने कोर्ट को बताया था कि वायु प्रदूषण क्यों हो रहा है,इस बारे में कोई कुछ नहीं बता रहे हैं.

उनका कहना था कि 15 वर्ष पुरानी गाड़ी के परिचालन पर प्रतिबंध लगा देने से प्रदूषण कम नहीं हो जायेगा. यदि ऐसा होता,तो सरकार कई वर्ष पूर्व 15 वर्ष पुरानी गाड़ियों के परिचालन पर रोक लगा दी है.

प्रदूषण कम होने के बजाय बढ़ गया है. वहीं बिहार राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से वरीय अधिवक्ता शिवेंद्र किशोर ने कोर्ट को बताया था कि प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए सीएनजी/ पीएनजी के अलावा इलेक्ट्रॉनिक गाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए सरकार को सलाह दी है.

वहीं सरकारी वकील विकाश कुमार ने कोर्ट को बताया था कि प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए प्रत्येक दिन पानी का छिड़काव किया जा रहा है. इसके अलावा पुरानी गाड़ियों के परिचालन पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है.

उन्होंने कोर्ट को बताया था कि डीजल गाड़ियों को सीएनजी में परिवर्तन करने का आदेश दिया गया है. लगभग सभी कमर्शियल गाड़ी सीएनजी से चल रही है. कोर्ट ने पूछा था कि आखिर प्रदूषण किस कारण से हो रहा है. प्रदूषण में किस की कितनी भागीदारी है. क्या इस बारे में नियंत्रण बोर्ड कभी सर्वे किया है.

कोर्ट ने इस बारे में पूरी जानकारी देने का आदेश नियंत्रण बोर्ड और राज्य सरकार को दिया था. कोर्ट ने मामले पर अगली सुनवाई की तारीख 12 फरवरी ,2026 तय की.