BIHAR NEWS : मोदी-नीतीश के साथ सेल्फी का क्रेज, बिहार दिवस में IPRD स्टॉल बना आकर्षण का केंद्र
पटना : राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित तीन दिवसीय बिहार दिवस समारोह में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग (आईपीआरडी) का पवेलियन दर्शकों के लिए सबसे बड़ा आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. यहां स्थापित वर्चुअल सेल्फी पॉइंट पर आगंतुकों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ मुफ्त फोटो खिंचवाने का अनोखा अवसर मिल रहा है. असल में यह एक डिजिटल जादू है, जिसमें लोग अखबारों में भी अपनी छपी तस्वीर की सेल्फी ले सकते हैं. पहले दिन ही इस वर्चुअल सेल्फी पॉइंट पर लोगों की लंबी कतारें लगी रहीं. यहां 300 से अधिक आगंतुकों ने उत्साह के साथ इस अनूठी सेल्फी का आनंद लिया.
आगंतुक आईपीआरडी के स्टॉल पर उपलब्ध डिवाइस पर पहले अपना व्हाट्सएप मोबाइल नंबर दर्ज कराते हैं. इसके बाद उन्हें अपने पसंदीदा टेम्पलेट को चुनना है. इन टेम्प्लेट्स में गणमान्य लोगों के साथ सेल्फी के विकल्प के साथ समाचार पत्रों-पत्रिकाओं के कवर पर अपना फोटो लगाने का विकल्प उपलब्ध है. लिए गए सेल्फी को व्हाट्सएप नंबर पर भेज दिया जाता है. आईपीआरडी स्टॉल पर उपलब्ध यह सुविधा लोगों का मनोरंजन करने के साथ ही उत्सव में आने वालों के लिए एक यादगार पल को संजोयने का भी काम कर रहा है.
गौरतलब है कि आईपीआरडी के स्टॉल पर बिहार सरकार की सभी प्रमुख योजनाओं को चित्र प्रदर्शनी के माध्यम से दिखाया जा रहा है. साथ ही लोक कलाकारों के स्तर से दी जा रही अनूठी प्रस्तुति भी लोगों के लिए आकर्षण का केन्द्र है. स्टॉल पर पुस्तक विक्रय केन्द्र भी लगाए गए हैं, जहां बिहार समाचार पत्रिका का वितरण मुफ्त में किया जा रहा है.