BIHAR NEWS : बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पटना पहुंचे, सम्राट चौधरी ने किया जोरदार स्वागत

Edited By:  |
bihar news

पटना : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शनिवार को दो दिवसीय बिहार प्रवास पर पटना पहुंचे. यह दौरा पार्टी के लिए विशेष महत्व रखता है,क्योंकि राष्ट्रीय अध्यक्ष पद संभालने के बाद यह उनका एक महत्वपूर्ण बिहार दौरा है. पटना एयरपोर्ट पर पहुंचते ही बिहार के उपमुख्यमंत्री सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने उन्हें अंगवस्त्र भेंट कर पारंपरिक तरीके से गर्मजोशी से स्वागत किया. इस मौके पर बीजेपी के अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे,जिन्होंने नए राष्ट्रीय अध्यक्ष का उत्साहपूर्ण अभिनंदन किया.

नितिन नवीन का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना बिहार के लिए गर्व की बात-सम्राट चौधरी

सम्राट चौधरी ने स्वागत के दौरान कहा कि नितिन नवीन का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना पूरे बिहार के लिए गर्व की बात है. उन्होंने जोर देकर कहा कि नितिन नवीन जैसे युवा और ऊर्जावान नेता के नेतृत्व में बीजेपी न केवल बिहार में अपनी स्थिति मजबूत करेगी,बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी नई ऊंचाइयों को छुएगी. सम्राट चौधरी ने याद दिलाया कि नितिन नवीन पटना की बांकीपुर विधानसभा से विधायक हैं और उन्होंने स्थानीय स्तर पर पार्टी को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. उपमुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को बिहार में साकार करने के लिए नितिन नवीन का यह दौरा नई दिशा देगा.

इस दो दिवसीय प्रवास के दौरान नितिन नवीन विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे. वे महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर पटना के प्रसिद्ध खाजपुरा शिव मंदिर में बाबा भोलेनाथ की पूजा-अर्चना करेंगे. इसके अलावा पार्टी के संगठनात्मक कार्यक्रम,कार्यकर्ता बैठकों और अन्य महत्वपूर्ण गतिविधियों में भाग लेंगे. पार्टी सूत्रों के अनुसार,इस दौरे में बिहार में संगठन विस्तार और एनडीए सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा प्रमुख रहेगी.

सम्राट चौधरी ने इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे नितिन नवीन के नेतृत्व में‘राष्ट्र पहले,संगठन दूसरे,स्वयं अंत में’की भावना के साथ कार्य करें. उन्होंने कहा कि बिहार में जंगलराज के दौर को समाप्त करने में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण योगदान दिया था,और अब नए अध्यक्ष के मार्गदर्शन में राज्य को विकसित बनाने का संकल्प पूरा होगा.

यह दौरा बीजेपी के बिहार इकाई के लिए उत्साहवर्धक साबित हो रहा है. कार्यकर्ता इसे पार्टी की मजबूती और बिहार में एनडीए की सरकार को और सशक्त बनाने का अवसर मान रहे हैं. नितिन नवीन के पटना पहुंचने पर शहर में पोस्टर,बैनर और भगवा झंडों से सजावट की गई है,जो पार्टी में बढ़ते जोश को दर्शाता है.