Hindi News / पटना में छात्र नेताओं की मुख्य सचिव और शिक्षा मंत्री से मुलाकात, 24...

BIHAR NEWS : पटना में छात्र नेताओं की मुख्य सचिव और शिक्षा मंत्री से मुलाकात, 24 से 48 घंटे में बड़े फैसले की उम्मीद

Edited By:  |
bihar news

Pantan : पटना में आंदोलनरत छात्र नेताओं के 8 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को मुख्य सचिव और शिक्षा मंत्री से मुलाकात की. प्रतिनिधिमंडल ने छात्रों से जुड़े विभिन्न मुद्दों,परीक्षा प्रणाली में सुधार,पारदर्शिता और छात्र हित से संबंधित मांगों को अधिकारियों के सामने विस्तार से रखा. लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे छात्र नेताओं ने सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की.

मुलाकात के दौरान छात्र प्रतिनिधिमंडल ने परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और छात्रों की समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस पहल करने की मांग की. प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों को छात्रों की परेशानियों और आंदोलन के कारणों से भी अवगत कराया.

बताया गया कि मुख्य सचिव ने छात्र नेताओं की बातों को गंभीरता से सुना और उनकी मांगों पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया. वहीं,शिक्षा मंत्री ने भी प्रतिनिधिमंडल को सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया. छात्र नेताओं के अनुसार,सरकार की ओर से 24 से 48 घंटे के भीतर छात्र हित में बड़ा फैसला लेने का भरोसा दिया गया है.

मुलाकात के बाद छात्र नेताओं ने कहा कि सरकार के साथ हुई बातचीत सकारात्मक रही है. उन्हें उम्मीद है कि सरकार जल्द ही छात्रों की मांगों पर निर्णय लेगी और लंबे समय से चले आ रहे विवाद का समाधान निकलेगा.

8 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार के आश्वासन के बाद छात्रों को सकारात्मक परिणाम की उम्मीद है. अब सभी की नजर सरकार के अगले कदम और 24 से 48 घंटे के भीतर होने वाली कार्रवाई पर टिकी है.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-