BIHAR NEWS : रामनवमी पर महावीर मंदिर पटना में विशेष तैयारी, श्रद्धालुओं की सुविधा पर खास जोर – सायन कुणाल
पटना : राजधानी पटना के महावीर मंदिर में रामनवमी को लेकर व्यापक और विशेष तैयारियां की जा रही है. मंदिर प्रशासन इस बार श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हर स्तर पर पुख्ता इंतजाम कर रहा है, ताकि किसी भी भक्त को कोई परेशानी न हो.
महावीर मंदिर समिति के सचिव सायन कुणाल ने कशिश न्यूज़ से बातचीत में बताया कि रामनवमी के दिन आने वाले श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाया गया है. उन्होंने कहा कि जो पहले 10 श्रद्धालु मंदिर पहुंचेंगे,उन्हें मंदिर की ओर से विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा.
भक्तों को नैवेद्यम प्राप्त करने में किसी प्रकार की असुविधा न हो,इसके लिए कुल 8 काउंटर बनाए जा रहे हैं. साथ ही इस वर्ष लगभग 18,000 किलो नैवेद्यम तैयार करने की योजना है,जिससे अधिक से अधिक श्रद्धालुओं तक प्रसाद पहुंच सके.
पार्किंग व्यवस्था को भी सुव्यवस्थित किया गया है. श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क पार्किंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी. दो स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है, जिसमें मल्टी लेवल पार्किंग भी शामिल है. वीआईपी लोगों की व्यवस्था दोपहर 12 बजे के बाद लागू होगी, ताकि आम श्रद्धालुओं को किसी तरह की दिक्कत न हो.
मंदिर प्रशासन का कहना है कि इस बार की तैयारियों का मुख्य उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित दर्शन कराना है, जिससे रामनवमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हो.
पटना से अंकिता की रिपोर्ट--