BIHAR NEWS : लाइब्रेरियन बहाली को लेकर बड़ा कदम, ILA को सौंपा ज्ञापन, बिहार में जल्द परीक्षा कराने की मांग तेज
पटना : देश की सबसे पुरानी और राष्ट्रीय स्तर की पुस्तकालय संस्था इंडियन लाइब्रेरी एसोसिएशन (भारतीय पुस्तकालय संघ) के कार्यालय में बुधवार को ऑल बिहार ट्रेंड लाइब्रेरियन वेलफेयर एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने महत्वपूर्ण मुलाकात कर बिहार में लंबित लाइब्रेरियन बहाली प्रक्रिया को लेकर जोरदार आवाज उठाई.
तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने संघ के अध्यक्ष डॉ. प्रदीप राय और वरिष्ठ पदाधिकारी डॉ. ओ एन चौबे से मिलकर विस्तृत ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन में खास तौर पर बिहार के हाई स्कूलों में लंबे समय से लंबित लाइब्रेरियन बहाली के लिए पात्रता परीक्षा (Eligibility Test) को अविलंब शुरू कराने की मांग की गई.
प्रतिनिधिमंडल ने यह भी बताया कि राज्य के विश्वविद्यालयों,कॉलेजों और अन्य शिक्षण संस्थानों में भी लाइब्रेरियन के पद वर्षों से खाली पड़े हैं,जिससे शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है. ऐसे में सभी स्तरों पर बहाली प्रक्रिया जल्द शुरू करने की आवश्यकता बताई गई.
मामले की गंभीरता को देखते हुएILAअध्यक्ष डॉ. प्रदीप राय ने तत्काल पहल करते हुए बिहार के मुख्यमंत्री के नाम पत्र जारी किया. इस पत्र में उन्होंने राज्य सरकार से आग्रह किया कि लाखों अभ्यर्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए लाइब्रेरियन पात्रता परीक्षा शीघ्र आयोजित कर बहाली प्रक्रिया को गति दी जाए.
प्रतिनिधिमंडल में विकास चंद्र सिंह (प्रदेश अध्यक्ष,बिहार लाइब्रेरी एसोसिएशन लाइब्रेरियन अफरोज अहमद और जिला अध्यक्ष डॉ. जयेश कुमार शामिल रहे.
प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो अभ्यर्थियों में असंतोष बढ़ सकता है. वहीं,इस पहल के बाद अब उम्मीद जताई जा रही है कि राज्य सरकार इस मुद्दे पर शीघ्र निर्णय लेकर बहाली प्रक्रिया शुरू करेगी,जिससे लंबे समय से इंतजार कर रहे युवाओं को राहत मिल सके.
पटना से अंकिता की रिपोर्ट--