Live

BIHAR NEWS

मॉब लिंचिंग के पीड़ित नूरसेद आलम से मिला माले की राज्यस्तरीय टीम, सरकार से दोषी को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

सुपौल: भाकपा (माले) की केंद्रीय कमिटी सदस्य एवं माले विधायक दल के पूर्व नेता कॉमरेड महबूब आलम के नेतृत्व में शनिवार को सुपौल जिले के बसंतपुर प्रखंड अंतर्गत परमानंदपुर पंचायत के शंकरपुर गांव (वार्ड संख्या–14) पहुंचकर मधुबनी में हुई मॉब लिंचिंग की घटना के पीड़ित नूरसेद आलम से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना.

पीड़ित की स्थिति अत्यंत गंभीर है. घटना के दस दिन बीत जाने के बावजूद नूरसेद आलम अब तक बोलने की स्थिति में नहीं हैं. यह अत्यंत दुखद है कि अब तक न तो सरकार और प्रशासन की ओर से कोई प्रतिनिधि उनसे मिलने पहुंचा है और न ही पीड़ित परिवार को किसी प्रकार का मुआवजा दिया गया है.

इस अवसर पर कॉमरेड महबूब आलम ने बिहार सरकार से मांग की है कि पीड़ित परिवार को अविलंब 20 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए,दोषी अपराधियों को तुरंत गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दी जाए तथा राज्य में बढ़ती मॉब लिंचिंग की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जाए. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो भाकपा माले उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी.

जांच टीम में भाकपा माले के सुपौल जिला सचिव कॉमरेड जयनारायण यादव,अखिल भारतीय किसान महासभा के जिला अध्यक्ष कॉमरेड अच्छेलाल मेहता,खेग्रामस के जिला सचिव कॉमरेड जन्मजय राय,इंसाफ मंच के कॉमरेड साबिर साहब,पिपरा विधानसभा क्षेत्र से माले प्रत्याशी कॉमरेड अनिल कुमार तथा भाकपा माले नेता सह ऐक्टू जिला सचिव कॉमरेड अरविंद कुमार शर्मा शामिल थे.

अंकिता की रिपोर्ट--

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें