BIHAR NEWS : टीआरई-4 के विज्ञापन के लिए बैठक एवं धरना-प्रदर्शन, तीन दिन में विज्ञापन नहीं आया तो छात्र करेंगे आंदोलन

Edited By:  |
bihar news

पटना : बीपीएससी टीआरई-4 की वैकेंसी नहीं आने से लाखों शिक्षक अभ्यर्थियों में नाराजगी सामने आने लगी है. छात्र नेता दिलीप कुमार ने सैकड़ों टीआरई-4 अभ्यर्थियों के साथ बुधवार को राजधानी पटना के गांधी मैदान में गांधी मूर्ति के पास बैठक कर प्रदर्शन किया और प्रेस कॉन्फ्रेंस करके बीपीएससी से मांग किया कि टीआरई 4 का विज्ञापन जल्द जारी किया जाए.

दिलीप कुमार ने कहा कि 16 फरवरी के आंदोलन से पहले बीपीएससी द्वारा नोटिस जारी कर कहा गया था कि शिक्षा विभाग से अधियाचना मिल चुकी है और जल्द टीआरई-4 का विज्ञापन जारी किया जाएगा. इस कारण 16 फरवरी के आंदोलन को स्थगित कर दिया गया. लेकिन 15 दिन बाद भी विज्ञापन जारी नहीं हुआ है. इससे लाखों शिक्षक अभ्यर्थियों को निराशा हुई है. तीन दिन में विज्ञापन जारी नहीं हुआ तो लाखों शिक्षक अभ्यर्थी टीआरई-4 के अति शीघ्र विज्ञापन के लिए अब आंदोलन करेंगे. छात्र नेता दिलीप कुमार ने कहा कि टीआरई-4 के लाखों अभ्यर्थी दो वर्षों से वैकेंसी का इंतजार कर रहे हैं. पिछले एक वर्ष से शिक्षा मंत्री के द्वारा कहा गया कि 10-15 दिनों में वैकेंसी आ जाएगी. चुनाव से पहले और चुनाव के दौरान भी कहा गया कि टीआरई-4 का विज्ञापन जल्द जारी होगा. पिछले एक साल से कभी एक लाख बीस हजार तो कभी एक लाख, कभी नब्बे हजार तो कभी अस्सी हजार सीटों पर टीआरई-4 की वैकेंसी आने की बात सरकार के द्वारा कही जा रही थी. लेकिन अभी तक वैकेंसी नहीं आई है. इसीलिए अब हमलोग आंदोलन के लिए मजबूर हैं. जनवरी के प्रारंभ में भी शिक्षा मंत्री द्वारा जनवरी अंत तक विज्ञापन जारी होने की बात कही गई. लेकिन अभी तक विज्ञापन जारी नहीं हुआ है.

छात्र नेता दिलीप कुमार ने कहा कि बार-बार टीआरई-4 अभ्यर्थियों को गुमराह किया गया. विज्ञापन के इंतजार में हजारों अभ्यर्थियों की उम्र समाप्त होती जा रही है. अब आंदोलन ही एक रास्ता बचा है. इसीलिए मजबूर होकर सभी टीआरई-4 अभ्यर्थियों द्वारा होली के तुरंत बाद आंदोलन किया जाएगा. छात्र नेता दिलीप कुमार ने बताया कि इस बार के आंदोलन में अभी तक के आंदोलनों से कई गुणा अधिक भीड़ जुटने की संभावना है. बैठक एवं प्रदर्शन में छात्र नेता दिलीप कुमार के साथ प्रियंका पटेल, प्रीति सिंह, नेहा परवीन, प्रतिभा, श्वेता, अनामिका, साहबाज आलम, शंकर सुमन, राहुल, लव कश्यप, अमित, रवि रंजन, आशुतोष सहित सैकड़ों अभ्यर्थी शामिल थे.