Hindi News / जलापूर्ति योजनाओं में लापरवाही पर पटना नगर निगम सख्त, 3 अभियंताओं पर अनुशासनात्मक...

BIHAR NEWS : जलापूर्ति योजनाओं में लापरवाही पर पटना नगर निगम सख्त, 3 अभियंताओं पर अनुशासनात्मक कार्रवाई

Edited By:  |
bihar news

Patna : पटना नगर निगम नागरिकों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है. इसी उद्देश्य से मुख्यालय स्तर पर सभी अंचलों एवं प्रमंडलों द्वारा संचालित कार्यों,प्राप्त शिकायतों के निष्पादन तथा विभिन्न परियोजनाओं की नियमित एवं गहन समीक्षा की जाती है.

इसी क्रम में जलापूर्ति प्रमंडल की विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान यह पाया गया कि कई जलापूर्ति योजनाओं की प्रगति अत्यंत धीमी है. साथ ही कार्यों के निष्पादन में अपेक्षित रुचि नहीं ली जा रही थी तथा वरीय पदाधिकारियों के निर्देशों की भी लगातार अवहेलना की जा रही थी. इस संबंध में शशि भूषण,सहायक अभियंता (असैनिक) एवं सौरभ आनंद,सहायक अभियंता (असैनिक) से स्पष्टीकरण मांगा गया. हालांकि,उनके द्वारा प्रस्तुत जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया.

जलापूर्ति जैसी अत्यंत महत्वपूर्ण एवं जनहित से जुड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन में शिथिलता बरतने तथा विभागीय अनुशासन के प्रति उदासीनता प्रदर्शित करने के कारण पटना नगर निगम ने दोनों अभियंताओं के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा करते हुए नगर विकास एवं आवास विभाग,बिहार सरकार को उनके विरुद्ध प्रपत्र'क'गठित करने का प्रस्ताव भेजा है.

इसके अतिरिक्त,विनोद कुमार तिवारी,कनीय अभियंता (यांत्रिक),जलापूर्ति प्रमंडल के विरुद्ध भी कार्रवाई की अनुशंसा की गई है. रिपोर्टिंग कार्य के दौरान उनके द्वारा नियंत्रण कक्ष के एक कर्मी के साथ अभद्र व्यवहार एवं अमर्यादित भाषा का प्रयोग किए जाने का मामला संज्ञान में आया. अनुशासनहीनता,स्वेच्छाचारिता तथा पदीय दायित्वों के निर्वहन में घोर लापरवाही को देखते हुए निगम ने उनकी सेवा उनके पैतृक विभाग,पथ निर्माण विभाग,बिहार सरकार को वापस करने की अनुशंसा की है.

पटना नगर निगम ने सभी अवसरों पर स्पष्ट किया है कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही,अनुशासनहीनता अथवा दायित्वों के प्रति उदासीनता को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. नागरिकों को बेहतर एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है.

पटना से अंकिता की रिपोर्ट--