BIHAR NEWS : गंडक नदी में जलस्तर बढ़ने की आशंका,जल संसाधन विभाग अलर्ट
BIHAR NEWS: तिब्बत क्षेत्र में ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट के बाद नेपाल में आई बाढ़ को देखते हुए बिहार में गंडक नदी के संभावित जलस्तर वृद्धि को लेकर जल संसाधन विभाग पूरी तरह अलर्ट है। जल संसाधन विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने मुख्यालय स्थित केंद्रीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष का दौरा कर स्थिति की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए.
वाल्मीकिनगर गंडक बराज के सभी 36 गेट खोल दिए गए हैं. बराज की स्थिति पर नजर रखने के लिए मुख्यालय से अधीक्षण अभियंता के नेतृत्व में तकनीकी दल भेजा गया है.
गंडक नदी बेसिन से जुड़े सभी जिलों में चेतावनी संवाद जारी किया गया है.अधिकारियों को तटबंधों का लगातार निरीक्षण करने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक सामग्री का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है.
जल संसाधन विभाग ने संबंधित अधिकारियों को लगातार चौकसी और निगरानी बनाए रखने को कहा है. संभावित जल वृद्धि को देखते हुए नदी के जलस्तर और तटबंधों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.
बिहार से वरिष्ठ संवाददाता संजय कुमार की रिपोर्ट