Hindi News / ई-शिक्षा कोष पर 73 शिक्षकों की अनुपस्थिति पर विभाग सख्त, कार्रवाई की तैयारी

BIHAR NEWS : ई-शिक्षा कोष पर 73 शिक्षकों की अनुपस्थिति पर विभाग सख्त, कार्रवाई की तैयारी

Edited By:  |
bihar news

पटना:बिहार शिक्षा विभाग ने ई-शिक्षा कोष पोर्टल पर लगातार अनुपस्थित पाए गए 73 शिक्षकों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। मामला पश्चिम चंपारण के मझौलिया प्रखंड का है,जहां ऑनलाइन उपस्थिति की समीक्षा के दौरान बड़ी संख्या में शिक्षक विद्यालय से अनुपस्थित मिले। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) अखिलेश वैभव ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

डीपीओ ने प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों से सभी अनुपस्थित शिक्षकों का सत्यापन कराने को कहा है। साथ ही निर्धारित प्रपत्र में अनुपस्थिति का स्पष्ट कारण दर्ज कर 24 घंटे के भीतर विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। रिपोर्ट के आधार पर नियमों के अनुरूप विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

हालांकि,इस पूरे मामले में ई-शिक्षा कोष पोर्टल की खामियां भी सामने आई हैं। अनुपस्थित शिक्षकों की सूची में कई ऐसे शिक्षकों के नाम शामिल हैं जिनकी मृत्यु हो चुकी है या जिनका दूसरे स्थान पर तबादला हो चुका है। इससे शिक्षकों में नाराजगी बढ़ गई है।

शिक्षक संगठनों का कहना है कि कई बार अनुरोध के बावजूद ई-शिक्षा कोष पोर्टल पर 22 हजार से अधिक शिक्षकों का डेटा अब तक अपडेट नहीं किया गया है। इसी कारण मृत और स्थानांतरित शिक्षकों के नाम भी उपस्थिति सूची में बने हुए हैं, जिससे बार-बार भ्रम की स्थिति पैदा होती है।

शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि सत्यापन रिपोर्ट मिलने के बाद केवल वास्तविक रूप से दोषी शिक्षकों के खिलाफ ही विभागीय कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अधिकारियों को ई-शिक्षा कोष का डेटा जल्द अपडेट कराने और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए गए हैं।