Hindi News / खिलाडियों की सफलता हमारा संकल्प, हर प्रतिभा को मिलेगा अवसर - मंत्री श्रेयसी...

BIHAR NEWS : खिलाडियों की सफलता हमारा संकल्प, हर प्रतिभा को मिलेगा अवसर - मंत्री श्रेयसी सिंह

Edited By:  |
bihar news

पटना: खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने बिहार के उभरते हॉकी खिलाड़ी एवं भारतीय अंडर-18 टीम के गोलकीपर सावन कुमार को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया है. इस मौके पर खेल मंत्री ने कहा कि बिहार की प्रतिभाएं आज राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रही है. इनकी प्रतिभा भरे प्रदर्शन से राज्य का गौरव बढ़ा है. राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण,आधुनिक सुविधाएं और हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.

मंत्री ने कहा कि हाल में ओमान की राजधानी मस्कट में आयोजित अंडर-18 यूथ हॉकी एशिया कप-2026 में सावन कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए'बेस्ट गोलकीपर'और'प्लेयर ऑफ द फाइनल मैच'का पुरस्कार अपने नाम किया. फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 3-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया. इसमें सावन की भूमिका बेहद खास रही. सावन कुमार का चयन इस वर्ष दिसंबर में होने जा रहे अंडर-18 हॉकी विश्व कप में भी हो चुका है. वे बिहार से चयनित होने वाले इकलौते खिलाड़ी हैं. इससे पहले भी उन्होंने जापान में आयोजित अंडर-18 एशियाई हॉकी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को स्वर्ण पदक दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया था.

खेल मंत्री ने कहा कि बिहार में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है. हमारी सरकार का लक्ष्य खिलाड़ियों को ऐसा माहौल देना है, जहां वे बिना किसी चिंता के अपने खेल पर पूरा ध्यान केंद्रित कर सकें. 'मेडल लाओ, नौकरी पाओ' जैसी योजनाओं के साथ-साथ प्रशिक्षण, छात्रवृत्ति और आधुनिक खेल सुविधाओं के माध्यम से खिलाड़ियों को हरसंभव सहायता दी जा रही है. हमें विश्वास है कि बिहार के खिलाड़ी आने वाले समय में देश के लिए और अधिक पदक जीतेंगे. उन्होंने सावन कुमार को आगामी विश्व कप के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां बिहार के युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगी और राज्य की नई खेल संस्कृति को मजबूत बनाएगी.