Hindi News / अब 24 घंटे में मिलेगा मृत्यु प्रमाण पत्र, सरकार का बड़ा आदेश

BIHAR NEWS : अब 24 घंटे में मिलेगा मृत्यु प्रमाण पत्र, सरकार का बड़ा आदेश

Edited By:  |
bihar news

पटना :राज्य की ग्राम पंचायतों में मौजूद मोक्षधाम और कब्रिस्तान में अंत्येष्टि होने पर मृतक के परिजनों को 24 घंटे में मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गत कर दिया जाए. यह निर्देश पंचायती राज विभाग के निदेशक नवीन कुमार सिंह ने विभागीय स्तर पर आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान पदाधिकारी को दी. इस बैठक में सभी जिलों के उप-विकास आयुक्त,जिला पंचायत राज पदाधिकारी तथा जिला परिषद के अपर मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े थे. निदेशक ने इस दिशा में बेहतर कार्य करने वाले जिलों की प्रशंसा की और अन्य जिलों के पदाधिकारियों को योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कहा.

पंचायत सरकार भवन जल्द हो क्रियाशील

राज्यभर में निर्मित पंचायत सरकार भवनों को जल्द क्रियाशील करने के लिए भी निदेशक ने पदाधिकारियों को महत्वपूर्ण निर्देश दिए. ग्राम पंचायतों की तरफ से बनाए जाने वाले पंचायत सरकार भवनों का स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन से प्राक्कलन की स्वीकृति प्रदान कर शीघ्र निर्माण कार्य पूरा करने के लिए भी कहा.

पंचायतों में लगी सोलर स्ट्रीट का हो रखरखाव

मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना के तहत राज्य की ग्राम पंचायतों में कुल 10 लाख 77 हजार 158 सोलर स्ट्रीट लाइटें लगाई जा चुकी हैं. निदेशक ने महीने के अंत तक शत-प्रतिशत अधिष्ठापन का लक्ष्य प्राप्त करने का निर्देश दिया है. काम में लापरवाही करने वाली एजेंसियों से स्पष्टीकरण की मांग करते हुए उन पर अनुबंध के अनुसार जुर्माना लगाने के निर्देश दिए. साथ ही अधिकारियों से कहा कि अधिष्ठापित सोलर स्ट्रीट लाइट्स क्रियाशील रहे, इसका ध्यान रखा जाए. इसके अलावा स्वीकृत 2000 ग्राम पंचायतों में सारी प्रक्रिया पूर्ण कर शीघ्र आधार सेवा केंद्र का संचालन सुनिश्चित करने कहा. बैठक में विभाग के विशेष कार्य पदाधिकारी ललित राही सहित विभाग के अन्य पदाधिकारी और कर्मी भी उपस्थित रहे.