BIHAR NEWS : इन चार जिलों में बढ़ेगी ट्रैफिक पुलिस,स्मार्ट शहरों में 485 नए यातायात पुलिस पदों को मंजूरी
पटना:बिहार सरकार ने राज्य के चार प्रमुख शहरों में यातायात व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बड़ा फैसला लिया है. भागलपुर, मुजफ्फरपुर, बिहारशरीफ और गया मेंसरकार ने यातायात पुलिस के 485 नए पदों के सृजन को मंजूरी दे दी है. वित्त विभाग की ओर से इस संबंध में आदेश जारी कर दिया गया है. सरकार का मानना है कि इससे बढ़ते ट्रैफिक दबाव को नियंत्रित करने और कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी.
चार स्मार्ट शहरों में जाम से मिलेगी राहत
दरअसल, भागलपुर, मुजफ्फरपुर और बिहारशरीफ तेजी से स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित हो रहे हैं. वहीं गया अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रमुख धार्मिक और पर्यटन शहर है, जहां हर साल बड़ी संख्या में देश-विदेश से पर्यटक और श्रद्धालु पहुंचते हैं. इन शहरों में लगातार बढ़ती वाहनों की संख्या और ट्रैफिक दबाव को देखते हुए अतिरिक्त यातायात पुलिस बल की आवश्यकता महसूस की जा रही थी.
इन चारों शहरों में कुल 2091 यातायात पुलिस पदों की जरूरत
सरकार के अनुसार पुलिस अनुसंधान एवं विकास ब्यूरो (BPR&D) के वर्ष 2015 के मानकों के आधार पर इन चारों शहरों में कुल 2091 यातायात पुलिस पदों की जरूरत तय की गई है. इनमें पुलिस उपाधीक्षक, निरीक्षक, अवर निरीक्षक, सहायक अवर निरीक्षक, हवलदार और सिपाही स्तर के पद शामिल हैं. इनमें से 1,606 पद पहले से स्वीकृत पदों के जरिए समायोजित किए जाएंगे, जबकि 485 नए पद अलग से बनाए जाएंगे.
सड़क सुरक्षा होगी मजबूत
सरकार को इन नए पदों पर हर साल लगभग 31.85 करोड़ रुपये खर्च करने होंगे. सरकार का दावा है कि नए पुलिसकर्मियों की नियुक्ति से ट्रैफिक जाम कम होगा, सड़क सुरक्षा मजबूत होगी और स्मार्ट सिटी परियोजनाओं को भी बेहतर यातायात प्रबंधन का लाभ मिलेगा.