BIHAR NEWS : 16 जुलाई को पटना में निकलेगी भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा, 40 फीट ऊंचे हाइड्रोलिक रथ पर होंगे विराजमान
पटना: अंतर्राष्ट्रीय कृष्ण भावनामृत संघ (इस्कॉन) पटना की ओर से 16 जुलाई को भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा निकाली जाएगी. इस बार यात्रा की सबसे बड़ी खासियत 40 फीट ऊंचा हाइड्रोलिक रथ होगा,जिसकी ऊंचाई जरूरत के अनुसार कम या ज्यादा की जा सकेगी. इससे बिजली के तार,खंभों और अन्य बाधाओं के बीच भी रथ यात्रा सुरक्षित ढंग से आगे बढ़ सकेगी.
इस्कॉन मंदिर प्रबंधन के अनुसार,रथ यात्रा में पटना और आसपास के क्षेत्रों से दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है. रथ की साज-सज्जा और रंग-रोगन का कार्य तेजी से चल रहा है.
16 जुलाई को दोपहर 1 बजे से 2 बजे तक बुद्धमार्ग स्थित इस्कॉन मंदिर में भगवान जगन्नाथ,बलभद्र और सुभद्रा की विशेष पूजा और महाआरती होगी. इसके बाद रथ यात्रा शुरू होगी. दोपहर 12 बजे से रात 9 बजे तक पूरे मार्ग और मंदिर परिसर में अखंड भजन-कीर्तन का आयोजन होगा. रथ यात्रा के मार्ग को आकर्षक रंगोलियों से सजाया जाएगा. इसके लिए पटना सहित देश-विदेश से कलाकार पहुंचेंगे. यात्रा के दौरान भगवान के रथ और श्रद्धालुओं पर जगह-जगह पुष्प वर्षा भी की जाएगी. इस बार भगवान को क्रेन की सहायता से 108 प्रकार का विशेष भोग भी अर्पित किया जाएगा.
रथ यात्रा इस्कॉन मंदिर (बुद्धमार्ग) से शुरू होकर तारामंडल,इनकम टैक्स गोलंबर,हाईकोर्ट,न्यू म्यूजियम,पटना वीमेंस कॉलेज,कोतवाली थाना,डाकबंगला चौराहा और मौर्यलोक होते हुए पुनः इस्कॉन मंदिर पहुंचेगी. समापन के बाद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा.
इस्कॉन मंदिर प्रबंधन (टीएमसी) के को-चेयरमैन रमन मनोहर दास और आदिकर्ता दास ने श्रद्धालुओं से बड़ी संख्या में रथ यात्रा में शामिल होकर भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद लेने की अपील की. उन्होंने कहा कि भगवान जगन्नाथ के रथ की डोरी खींचना अत्यंत पुण्यदायी माना जाता है और इससे जीवन के कष्ट दूर होने की धार्मिक मान्यता है.
पटना से अंकिता की रिपोर्ट-