नितिन नवीन ने जाताया आभार : 11 मई को होने वाले मंदिरी प्रोजेक्ट के उद्घाटन पर कहा-पिता का सपना हो रहा साकार
पटना: राज्यसभा सांसद एवं बांकीपुर के पूर्व विधायक नितिन नवीन ने सोमवार को होने वाले मंदिरी नाले के उद्घाटन पर एनडीए सरकार का आभार व्यक्त किया है.इस संबंध में उन्होंने कहा कि राजधानी पटना के बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में ये एक महत्वपूर्ण कदम है. मंदिरी नाले के निर्माण एवं विकास कार्य को क्षेत्रवासियों के लंबे समय से चली आ रही मांगों को ध्यान में रखते हुए पूरा किया गया है. इस परियोजना के पूर्ण होने से क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था अधिक सुचारु एवं व्यवस्थित होगी.
उन्होंने कहा कि, वहीं सड़क संपर्कता की बात करें तो नाले के ऊपर पथ निर्माण से नेहरू पथ से जेपी गंगा पथ, अशोक राजपथ, डबल डेकर, पीएमसीएच तक जाने के लिए स्थानीय नागरिकों को एक नई कनेक्टिविटी की सुविधा मिलेगी. इस पथ के निर्माण से प्रमुख रूप से वार्ड संख्या 25, 26, 27 समेत उतरी बिहार जाने वाले लाखों की आबादी को सुगम सड़क संपर्कता मिलेगी. साथ ही पटना के बैली रोड पर होने वाले ट्रैफिक दबाव में भी कमी आयेगी.
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भावुक होते हुए कहा कि वर्ष 2004 में उनके पिता एवं वरिष्ठ बीजेपी नेता नवीन किशोर सिन्हा ने मंदिरी नाले की इस महत्वाकांक्षी योजना को तैयार करने का प्रस्ताव रखा था. उन्होंने कहा कि “आज जब यह परियोजना पूर्ण होकर जनता को समर्पित हो रही है,तो मुझे ऐसा महसूस हो रहा है कि मुझे अपने पिताजी का सपना साकार करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है. बतौर बांकीपुर विधायक मुझे पूर्व सीएम नीतीश कुमार की मौजूदगी में इस योजना का शिलान्यास करने का अवसर मिला था.
बांकीपुर क्षेत्र के विकास एवं जनता की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए सरकार द्वारा लगातार कार्य किये जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि जनता की सुविधा एवं बेहतर आधारभूत संरचना उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता रही है. मंदिरी नाले का निर्माण भी इसी संकल्प का परिणाम है,जिससे हजारों स्थानीय नागरिकों को सीधा लाभ प्राप्त होगा.
उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र के विकास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं होने दी जायेगी और आने वाले समय में भी सड़क, नाला, पेयजल एवं अन्य जनहित से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा. उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर स्थानीय लोगों एवं बीजेपी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है.
बीजेपी नेताओं ने कहा कि नितिन नवीन के नेतृत्व में बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में लगातार विकास कार्यों को गति मिल रही है. क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ नागरिक समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए निरंतर प्रयास किये जा रहे हैं. मंदिरी नाले का उद्घाटन भी इसी विकास श्रृंखला की एक महत्वपूर्ण कड़ी है, जिससे क्षेत्र की बड़ी आबादी को राहत मिलेगी.