BIHAR NEWS : पटना में स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने की नर्सिंग संस्थाओं को खुलवाने हेतु डिजिटल सेवा की शुरुआत
पटना : बिहार में बुधवार को स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी पहल करते हुए नर्सिंग संस्थाओं को खुलवाने के लिए डिजिटल सेवा की शुरुआत की है. दूसरे शब्दों में कहें तो अगर आप नर्सिंग कॉलेज खोलना चाहते हैं तो अब ऑनलाइन ही आवेदन करना होगा, आपको सचिवालय, राज्य स्वास्थ्य समिति या सिविल सर्जन के ऑफिस जाने की जरूरत नहीं है. स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने इसका उद्घाटन किया.
ऐसा माना जा रहा है संस्थाओं के आवेदन को डिजिटिलाइज्ड किए जाने से अब संस्थानों के चेयरमैन या दूसरे लोगों को पटना आने से निजात मिल सकेगी.
बिहार में पिछले बीस साल में स्वास्थ्य सेवा बेहतर हुई है,भारत में बिहार ही इकलौता राज्य है जहां नौ साल से चौदह साल की बच्चियों को सर्वाइकल कैंसर का टीका मुफ्त में दिया जा रहा है. लेकिन स्वास्थ्य विभाग ने जिस सेवा की शुरुआत की है उसे बहुत पहले ही किया जाना चाहिए था क्योंकि नर्सिंग कॉलेज से जुड़े लोग एक दशक से इसकी मांग कर रही है. आज इस मांग को स्वास्थ्य विभाग ने पूरा कर दिया. दरअसल स्वास्थ्य विभाग ने नर्सिंग कॉलेजों के आवेदन,पुष्टिकरण की प्रक्रिया को ऑनलाइन कर दिया है. पटना के राजवंशी नगर के ऊर्जा ऑडिटोरियम में बुधवार को ऑनलाइन सेवा की विधिवत शुरुआत हुई. इस मौके पर नर्सिंग कॉलेजों से जुड़े सैंकड़ों प्रतिनिधि भी मौजूद थे. पटना के बेलदारी चक में नर्सिंग कॉलेज शुरू करने वाले एक शख्स ने बताया कि अब सचिवालय के चक्कर से निजात मिलेगी क्योंकि सारी चीजें ऑनलाइन हो गई है.
आज खुद राज्य के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने जब सचिवालय के चक्कर से निजात की बात कही तो लगा कि वो काफी हद तक सरकार की सही स्थिति को बयां कर रहे हैं,खैर हम बात करेंगे ऑनलाइन सेवा की. दरअसल,बिहार में एक दशक पहले तक नर्सिंग कॉलेजों की संख्या कम थी.अस्पतालों में काम करने वाले नर्सें भी अधिकतर केरल की थी. लेकिन अब ये स्थिति बदली है. दावा है कि इस वक्त बिहार में656नर्सिंग कॉलेज संस्थान हैं जहां एएनएम,जीएनएम की पढ़ाई होती है और सरकार की तरफ से41हजार65सीट स्वीकृत हैं. वैसे लोग जो बिहार में नर्सिंग कॉलेज खोलना चाहते थे उन्हें सचिवालय आना पड़ता था लेकिन अब बिहार में स्वास्थ्य विभाग ने इसे ऑनलाइन कर दिया है. दूसरे शब्दों में कहें तो अगर आप नर्सिंग संस्थान खोलना चाहते हैं तो आपको स्वास्थ्य विभाग की
बिहार नर्सेस रजिस्ट्रेशन कांउसिंल की वेबसाइट पर अप्लाई करना होगा,
आपको अपनी डिटेल,आधार और पेनकार्ड,जिला,जमीन का रकबा और दूसरी चीजें ऑनलाइन करनी होगी अपलोड
विभाग की टीम जांचने के लिए संबंधित जिले में उस जगह का स्थलीय दौरा करेंगे जहां पर संस्थान का निर्माण होना है,
सारी जानकारी सही मिली तो आपको संस्थान खोलने की मंजूरी मिल जाएगी
विभाग ने संस्थानों की अनुमति के लिए अधिकारियों के लिए मियाद तय की है.
किसी भी कीमत पर मियाद के अंदर ही ऑनलाइन प्रक्रिया को देनी होगी मंजूरी
आज पांच नर्सिंग संस्थानों को स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने ऑनलाइन की मंजूरी दी. आने वाले समय में नर्सिंग संस्थानों को खोलने की राह और आसान हो जाएगी. बिहार में स्वास्थ्य विभाग की ये पहल नर्सिंग संस्थानों के मालिकों की मुश्किलें दूर हो जाएगी. क्योंकि स्वास्थ्य मंत्री ने सही कहा है कि सचिवालय और विकास भवन के चक्कर से निजात दिलाना प्राथमिकता है.
पटना से प्रीतम कुमार की रिपोर्ट—