BIHAR NEWS : डुमरांव में निर्मित पीसीसी सड़क की गुणवत्ता की जांच शुरु, दोषी एजेंसी के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई
पटना: विगत 13 अप्रैल को राजधानी पटना से प्रकाशित एक प्रतिष्ठित समाचार पत्र में डुमरांव में पीसीसी सड़क निर्माण में अनियमितता से संबंधित खबर का संज्ञान लेते हुए डुमरांव नगर परिषद ने कार्रवाई शुरु कर दी है. डुमरांव के नगर कार्यपालक पदाधिकारी ने बक्सर के जिलाधिकारी को पत्र लिखकर बताया है कि इस योजना से संबंधित कनीय अभियंता से स्पष्टीकरण की मांग की गई है. साथ ही,इस योजना की जांच के लिए एक टीम का भी गठन किया गया है.
उन्होंने अपने पत्र में यह भी कहा है कि यदि जांच में सड़क के निर्माण में किसी प्रकार की अनियमितता पायी जाती है तो दोषियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी. दरअसल,डुमरांव नगर क्षेत्र के विस्तृत इलाके के वार्ड संख्या 12 में नगर परिषद द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 में निर्मित पीसीसी सड़क को लेकर समाचार पत्र में खबर प्रकाशित की गई थी कि लाखों रूपये खर्च कर बनाई गई इस सड़क में सात महीने में ही कई जगह दरारें पड़ गई हैं.
इस सड़क की गुणवत्ता को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है. प्रकाशित खबर में कार्यकारी एजेंसी पर सीधा आरोप लगाया गया है कि उसने नियमों को दरकिनार कर हाईटेंशन टावर के नीचे करीब 80 मीटर पीसीसी ढलाई कर दी थी.