BIHAR NEWS : पूसा में लगेगा क्षेत्रीय कृषि मेला, ड्रोन और हाइड्रोपोनिक्स तकनीक होंगे आकर्षण
समस्तीपुर/पटना : डॉ.राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय में 13 से 15 मार्च 2026 तक तीन दिवसीय क्षेत्रीय कृषि मेला का आयोजन किया जा रहा है. इस वर्ष मेले की थीम“विकसित कृषि–उन्नत भारत”रखी गई है. इसका उद्घाटन कृषि मंत्री रामकृपाल यादव करेंगे. इस मेले में पूर्वी भारत के पश्चिम बंगाल,उड़ीसा,झारखंड,बिहार और अन्य राज्यों के किसान,कृषि वैज्ञानिक और तकनीकी विशेषज्ञ भाग लेंगे. कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभाग और कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के सहयोग से आयोजित इस मेले का उद्देश्य किसानों तक आधुनिक एवं उन्नत कृषि तकनीकों की जानकारी पहुंचाना है,जिससे कृषि उत्पादन और किसानों की आय में वृद्धि हो सके.
130 स्टॉल में दिखेगी नई तकनीक
मेले में कृषि से जुड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के करीब 130 स्टॉल लगाए जाएंगे. इनमें आईसीएआर,विभिन्न कृषि विश्वविद्यालयों,कृषि विज्ञान केंद्रों,निजी संस्थानों की भागीदारी होगी. इन स्टॉलों के माध्यम से किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक,बीज,उर्वरक और खेती के आधुनिक तरीकों की जानकारी दी जाएगी.
ड्रोन,हाइड्रोपोनिक्स और स्मार्ट खेती का प्रदर्शन
मेले के थीमैटिक पवेलियन में ड्रोन तकनीक, हाइड्रोपोनिक्स (मिट्टी रहित खेती), ड्रिप सिंचाई प्रणाली, मत्स्य पालन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग जैसी आधुनिक तकनीकों का प्रदर्शन किया जाएगा. इसके साथ ही समेकित कृषि प्रणाली, मधुमक्खी पालन, आईएफएस फसल कैफेटेरिया और आधुनिक कृषि यंत्रों के जीवंत मॉडल भी किसानों को देखने को मिलेंगे. तीन दिनों तक आयोजित इस मेले में कृषि से जुड़े विभिन्न विषयों पर तकनीकी सत्र और किसान गोष्ठियां भी आयोजित होंगी. इनमें गेहूं की उन्नत खेती, पोषक अनाज (श्री अन्न), महिला किसानों की भूमिका, बीज उत्पादन और मशरूम की खेती जैसे समसामयिक विषयों पर चर्चा की जाएगी. मेले में फल, फूल, सब्जी और उनसे बने उत्पादों की उद्यान प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी. इसके साथ ही पशु प्रदर्शनी, किसान–वैज्ञानिक संवाद और विभिन्न प्रतियोगिताएं भी होंगी, जिससे किसानों को नई तकनीकों के साथ व्यावहारिक अनुभव भी मिल सके.