BIHAR NEWS : बिहार के महाधिवक्ता पी के शाही ने प्रकाशित पुस्तिका का किया लोकार्पण
पटना: महाधिवक्ता पी के शाही ने विभागीय कार्यवाही की प्रक्रिया को सही तरीके से संचालित करने को लेकर प्रकाशित पुस्तिका का लोकार्पण किया. उन्होंने कहा कि इस पुस्तिका में राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में विभागीय कार्यवाही के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई है.
साथ ही उससे जुड़े तमाम परिपत्र,नियमावली और कोर्ट के फैसलों को एक जगह समाहित करने का सार्थक प्रयास किया गया है जो सराहनीय है. उन्होंने कहा कि इस पुस्तिका से न केवल सरकारी वकीलों को बल्कि विभाग के अधिकारियों को भी काफी लाभ होगा.
उन्होंने इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए दीपक कुमार सिंह को विशेष रूप से धन्यवाद दिया,क्योंकि उनके सतत प्रयास के कारण ही इस पुस्तिका का प्रकाशन संभव हो पाया.
इसके पहले दीपक कुमार सिंह ने बताया कि विभागीय कार्यवाही में किसी प्रकार की त्रुटि नहीं हो,जिसका लाभ उठा कर लाखों गवन करने वाले भी कोर्ट से छूट जाते हैं.
अब हर विभाग के सहायकों,अधिकारियों सहित इस कार्य से संबंधित लोगों को प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है,ताकि दोषी को दंड दिया जा सके.
प्रक्रिया का नियमानुसार पालन होने पर कोर्ट भी उसमें हस्तक्षेप नहीं करेगा. बी राजिंदर ने इसकी उपयोगिता के बारे में विस्तार से बताया. पुस्तिका की प्रति सभी सरकारी वकीलों को भी दी गई.
इस कार्यक्रम में अपर महाधिवक्ता पी के वर्मा सहित सभी सरकारी वकील उपस्थित रहे.