BIHAR NEWS : किसानों की खुशहाली से खुलेगा बिहार की समृद्धि का द्वार : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी
पटना :मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि किसानों के चेहरे की खुशहाली ही बिहार की समृद्धि का द्वार खोलेगी. उन्होंने किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए पारंपरिक खेती के बजाय समेकित खेती को बढ़ावा देने पर जोर दिया. मुख्यमंत्री शनिवार को पटना स्थित बामेती सभागार से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित प्रधानमंत्री किसान उत्सव दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए.
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीएम किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त जारी करते हुए देशभर के 9.44 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में 18,880 करोड़ रुपये से अधिक की राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की. बिहार के 73 लाख से अधिक किसान परिवारों को 1,463 करोड़ रुपये की सहायता राशि प्राप्त हुई.
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार सरकार किसानों को कृषि कार्य के लिए मात्र 64 पैसे प्रति यूनिट की दर से बिजली उपलब्ध करा रही है. साथ ही सोलर पंप स्टोरेज सिस्टम और पीएम कुसुम योजना के माध्यम से कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि राज्य में लगभग 55 लाख किसानों की फार्मर आईडी तैयार हो चुकी है, जिससे किसानों को योजनाओं का लाभ पहुंचाने में सुविधा होगी.
सम्राट चौधरी ने कहा कि कृषि के साथ पशुपालन, मत्स्यपालन, बागवानी और जैविक खेती को बढ़ावा देकर किसानों की आय बढ़ाई जा सकती है. राज्य सरकार किसानों के उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए भी प्रयासरत है.
मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तीकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि बिहार में 48 लाख लखपति दीदी हैं और अगले दो वर्षों में एक करोड़ जीविका दीदियों को लखपति बनाने का लक्ष्य रखा गया है. उन्होंने किसानों से कृषि एवं किसान कल्याण से जुड़ी सरकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--