Hindi News / सीएम सम्राट राष्ट्रमंडल खेल 2026 में पदक विजेता पैरा खिलाड़ी सोमन राणा और...

BIHAR NEWS : सीएम सम्राट राष्ट्रमंडल खेल 2026 में पदक विजेता पैरा खिलाड़ी सोमन राणा और झंडू कुमार को करेंगे खेल सम्मान से सम्मानित

Edited By:  |
bihar news

पटना: 29अगस्त राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री आवास पर संध्या5बजे राष्ट्रमंडल खेल2026में पदक विजेता पैरा खिलाड़ी सोमन राणा और झंडू कुमार को खेल सम्मान से सम्मानित करेंगे.

इस बात की जानकारी देते हुए बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण ने बताया कि गया जिले के सोमन राणा और नालंदा के झंडू कुमार ने राष्ट्रमंडल खेल में पदक जीत कर ना सिर्फ राज्य का नाम रोशन किया है बल्कि बिहार के अन्य खिलाडियों का भी हौसला बढ़ाया है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मुख्यमंत्री आवास पर, बिहार के प्रतिभावान पैरा खिलाड़ी सोमन राणा को30लाख तथा झंडू कुमार को15लाख की खेल सम्मान राशि का चेक देकर सम्मानित करेंगे.

आगे शंकरण ने कहा कि सोमन राणा, बिहार के गया जिले से संबद्ध उत्कृष्ट पैरा एथलीट हैं. उनका खेल सफर बॉक्सिंग से प्रारंभ हुआ तथा वे राष्ट्रीय स्तर पर बॉक्सिंग में प्रतिस्पर्धा कर चुके हैं. तत्पश्चात वे भारतीय सेना में शामिल हुए. वर्ष2006में जम्मू-कश्मीर के पुंछ क्षेत्र में सेवा के दौरान लैंडमाइन विस्फोट में उन्होंने अपना दाहिना पैर खो दिया. अपने जीवन के तीसरे दशक के उत्तरार्ध में पैरा एथलेटिक्स की शुरुआत करने के बावजूद उन्होंने निरंतर कठिन प्रशिक्षण, अनुशासन एवं दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई. उनकी वर्षों की कठिन मेहनत, निरंतर साधना एवं दृढ़ संकल्प को राष्ट्रमंडल खेल–2026में पुरुषF57शॉट पुट में स्वर्ण पदक के रूप में ऐतिहासिक सफलता प्राप्त हुई. इस उपलब्धि के साथ वे इस स्पर्धा में राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाले भारत के प्रथम खिलाड़ी बने.

झंडू कुमार, वर्ष1997में हरनौत, जिला नालंदा, बिहार में जन्मे, बचपन में ही पोलियो से प्रभावित हो गए, जिससे उनके पैर की गतिशीलता प्रभावित हुई. उनके परिवार को उनके उपचार पर अपनी सीमित आर्थिक बचत खर्च करनी पड़ी, जिसके कारण उन्हें गंभीर आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा.

दृढ़ संकल्प, कठिन परिश्रम, अनुशासन एवं निरंतर प्रयास के माध्यम से उन्होंने सभी बाधाओं को पार करते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई. राष्ट्रमंडल खेल–2026में पुरुष पैरा पावरलिफ्टिंग में कांस्य पदक जीतकर उन्होंने न केवल बिहार, बल्कि पूरे देश को गौरवान्वित किया.

दोनों खिलाड़ियों को प्रधानमंत्री द्वारा सम्मानित किया गया है तथा'खेलो इंडिया संवाद' के दौरान प्रधानमंत्री द्वारा झंडू कुमार की संघर्षपूर्ण यात्रा एवं उपलब्धि की विशेष रूप से सराहना की गई. यह सम्मान उनकी उपलब्धियों के राष्ट्रीय महत्व तथा बिहार की खेल प्रतिभाओं की बढ़ती पहचान को दर्शाता है.

मेडल लाओ, नौकरी पाओ' योजना के अंतर्गत निर्धारित सरकारी नियुक्ति के लिए दोनों खिलाड़ी योग्य पात्र हैं. दोनों खिलाडियों की ऐतिहासिक उपलब्धि अन्य खिलाडियों के लिए दृढ़ संकल्प, अनुशासन एवं निरंतर परिश्रम की प्रेरणादायी मिसाल है.

पटना से राजीव रंजन की रिपोर्ट-