Hindi News / 11 लोगों की मौत,12 जिलों में हाई अलर्ट जारी, प्रशासन सतर्क

बिहार में वज्रपात का कहर : 11 लोगों की मौत,12 जिलों में हाई अलर्ट जारी, प्रशासन सतर्क

Edited By:  |
bihar mein varjpaat ka kahar

पटना: बिहार में मानसून की दस्तक के साथ ही आंधी, बारिश और वज्रपात ने भारी तबाही मचाई है. राज्य के विभिन्न जिलों में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 लोग झुलस गए। मौसम विभाग ने हालात को देखते हुए राज्य के 12 जिलों में हाई अलर्ट जारी किया है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है.

खगड़िया जिला रहा वज्रपात से सबसे ज्यादा प्रभावित

मिली जानकारी के अनुसार, सबसे अधिक प्रभावित खगड़िया जिला रहा, जहां वज्रपात की चपेट में आने से पांच लोगों की जान चली गई. वहीं मधेपुरा जिले में खेत में काम कर रहे दंपती शंभू मंडल और उनकी पत्नी कविता देवी की मौत हो गई. इसके अलावा भागलपुर, सहरसा, भोजपुर और जमुई में भी एक-एक व्यक्ति की मौत की सूचना है.वज्रपात की इन घटनाओं में 10 लोग घायल भी हुए हैं. इनमें एक ही परिवार के चार सदस्य शामिल बताए जा रहे हैं. घायलों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है. प्रशासन ने संबंधित जिलों के अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया है.

मौसम विभाग काचेतावनी जारी

मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि अगले कुछ घंटों के दौरान कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और वज्रपात की आशंका बनी हुई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान घरों में रहने, खुले मैदानों में जाने से बचने तथा पेड़ों के नीचे शरण नहीं लेने की सलाह दी गई है.

जारी दिशा-निर्देशों को पालन करने की अपील

मानसून की शुरुआत के साथ ही वज्रपात की घटनाओं ने चिंता बढ़ा दी है. प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और नागरिकों से मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील कर रहा है.