बिहार में MLC चुनाव को लेकर हलचल : सत्ता पक्ष-विपक्ष रणनीति तैयार करने में जुटे,शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात जारी
पटना:बिहार की राजनीति में विधान परिषद चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज होती जा रही है. सत्ता पक्ष से लेकर विपक्ष तक सभी दल अपनी रणनीति को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं. राजनीतिक गतिविधियों में आई इस तेजी ने राज्य के सियासी माहौल को और अधिक गरमा दिया है.
भारतीय जनता पार्टी के नेता पूरी तरह सक्रिय हैं. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और मंत्री विजय सिन्हा के दिल्ली दौरे और शीर्ष नेतृत्व से मुलाकातों को एमएलसी चुनाव की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है. बीजेपी खेमे में उम्मीदवार चयन और सीटों के समीकरण को लेकर मंथन जारी है.
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी लगातार सक्रिय भूमिका में नजर आ रहे हैं. वे संगठन और सरकार दोनों स्तर पर बैठकों और समीक्षा के जरिए स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं. जेडीयू कार्यालय में उनके लगातार दौरे को राजनीतिक संदेश के तौर पर देखा जा रहा है,जिससे यह संकेत मिलता है कि पार्टी संगठन पर उनकी पकड़ अब भी मजबूत है.
विपक्षी खेमे में भी हलचल कम नहीं है. आरजेडी नेता तेजस्वी यादव के परिवार में हालिया आयोजनों के दौरान एक जुटता तो दिखी है, लेकिन पार्टी संगठन में बदलाव की चर्चाओं ने राजनीतिक तापमान बढ़ा दिया है. लालू प्रसाद यादव परिवार से जुड़े राजनीतिक समीकरण भी चर्चा में बने हुए हैं.
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह पूरा घटनाक्रम केवल चुनावी तैयारी नहीं, बल्कि सत्ता संतुलन को साधने की कोशिश भी है. आने वाले दिनों में विधान परिषद चुनाव के साथ-साथ बिहार की राजनीति में कई नए समीकरण उभर सकते हैं.फिलहाल सभी दल सार्वजनिक रूप से स्थिति सामान्य बताते हुए भी अंदरखाने पूरी ताकत से रणनीति बनाने में लगे हुए हैं.