बिहार बीजेपी का डिजिटल प्रशिक्षण : 23 जून से 92 हजार बूथों पर चलेगा व्यापक अभियान
पटना: भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में आज महत्वपूर्ण बैठक हुई. जिसमें बिहार के सभी 1,420 मंडलों एवं 52 जिलों में सफलतापूर्वक संपन्न प्रशिक्षण वर्गों के उपरांत अगले चरण में बूथ स्तर पर डिजिटल प्रशिक्षण अभियान चलाने की विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा की गई.बैठक में निर्णय लिया गया कि 23 जून (डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी बलिदान दिवस) से 6 जुलाई (डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती) तक राज्य के लगभग 92 हजार बूथों पर डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से कार्यकर्ताओं का व्यापक प्रशिक्षण अभियान चलाया जाएगा. इस अभियान में बूथ समितियों के सभी सदस्य एवं मंडल मोर्चा के सभी पदाधिकारी शामिल होंगे.
बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया ने अभियान की संपूर्ण रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम को व्यापक जनभागीदारी के साथ बूथ स्तर तक पहुंचाया जाएगा. इसके लिए एक सरल डिजिटल प्लेटफॉर्म विकसित किया गया है. जिसके माध्यम से कार्यकर्ता पंजीकरण कर प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे.
प्रशिक्षण अभियान के प्रभारी एवं बिहार संस्कृत शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार झा ने अपने संबोधन में कहा कि जिस प्रकार मंडल एवं जिला प्रशिक्षण वर्गों का सफल आयोजन कर भारतीय जनता पार्टी,बिहार प्रदेश ने केंद्र द्वारा निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करते हुए एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है, उसी प्रकार आगामी डिजिटल प्रशिक्षण अभियान को भी ऐतिहासिक सफलता दिलानी है.
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर जोड़कर चार मॉड्यूल आधारित प्रशिक्षण दिया जाएगा. प्रत्येक मॉड्यूल में वीडियो एवं अध्ययन सामग्री उपलब्ध रहेगी तथा उसके उपरांत वस्तुनिष्ठ प्रश्नों के उत्तर देकर कार्यकर्ता अगले मॉड्यूल में प्रवेश करेंगे. चारों मॉड्यूल पूर्ण करने और परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद प्रतिभागियों को डिजिटल प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया जाएगा.
मृत्युंजय कुमारझा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए अपने कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सशक्त बनाने तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी उपलब्धियों से अवगत कराने का कार्य कर रही है. प्रशिक्षित कार्यकर्ता इन विषयों को जन-जन तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे.
बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष एवं अभियान प्रमुख राकेश कुमार, प्रदेश महामंत्री नितिन अभिषेक,राजेश कुमार झा, सरोज रंजन पटेल सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे.