Hindi News / भीषण गर्मी में 8,838 मेगावाट पहुंची मांग

बिहार में बिजली खपत का नया रिकॉर्ड : भीषण गर्मी में 8,838 मेगावाट पहुंची मांग

Edited By:  |
bihar mein bijli khapat ka nya record

पटना:बिहार में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच बिजली की खपत ने नया रिकॉर्ड बना दिया है. राज्य में बिजली की मांग 8,838 मेगावाट तक पहुंच गई, जो अब तक का सर्वाधिक स्तर है। इससे पहले मई 2026 में 8818 मेगावाट बिजली खपत का रिकॉर्ड दर्ज किया गया था. इस तरह कुछ ही दिनों में राज्य ने अपना पिछला रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया है.

बिजली की मांग में लगातार हो रहा इजाफा

बिजली विभाग के अधिकारियों के अनुसार लगातार बढ़ते तापमान और उमस के कारण घरों, कार्यालयों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में एसी, कूलर और पंखों का उपयोग तेजी से बढ़ा है। यही वजह है कि बिजली की मांग में लगातार इजाफा हो रहा है। राज्य के अधिकांश जिलों में तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है, जिससे लोगों की निर्भरता विद्युत उपकरणों पर बढ़ गई है।

पटना में बिजली खपत के मामले पूरे राज्य में सबसे आगे

राजधानी पटना बिजली खपत के मामले में पूरे राज्य में सबसे आगे है। राज्य की कुल बिजली खपत का 10 प्रतिशत से अधिक हिस्सा अकेले पटना में उपयोग हो रहा है। मई महीने में पटना की बिजली मांग 862.3 मेगावाट तक पहुंच गई थी। विशेषज्ञों का मानना है कि शहरी क्षेत्रों में तेजी से बढ़ रहे घरेलू उपभोक्ताओं और आधुनिक उपकरणों के इस्तेमाल के कारण बिजली की खपत में लगातार वृद्धि हो रही है।

बिहार में बिजली उपभोक्ताओं की संख्या अब 2.15 करोड़ से अधिक

गौरतलब है कि बिहार में बिजली उपभोक्ताओं की संख्या अब 2.15 करोड़ से अधिक हो चुकी है। बढ़ती उपभोक्ता संख्या और गर्मी के असर से आने वाले दिनों में बिजली की मांग और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। विभाग का दावा है कि बढ़ती मांग के बावजूद उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।