बिहार में 9 करोड़ इंटरनेट सब्सक्राइबर : फिर भी गांवों में डिजिटल दूरी कायम,हर 100 लोगों पर सिर्फ 37 इंटरनेट कनेक्शन
पटना: बिहार में इंटरनेट कनेक्शन की संख्या करीब नौ करोड़ पहुंच चुकी है, लेकिन ग्रामीण इलाकों में डिजिटल पहुंच अब भी बड़ी चुनौती बनी हुई है। दूरसंचार विभाग के आंकड़ों के मुताबिक राज्य में कुल 8.95 करोड़ इंटरनेट सब्सक्राइबर हैं। इस संख्या के आधार पर बिहार देश में इंटरनेट सब्सक्राइबर के मामले में तीसरे स्थान पर है।
हालांकि प्रति 100 आबादी पर इंटरनेट कनेक्शन की बात करें तो तस्वीर काफी अलग नजर आती है। संचार मंत्रालय की परफॉर्मेंस रिपोर्ट के अनुसार बिहार के शहरी क्षेत्रों में प्रति 100 लोगों पर 129 इंटरनेट कनेक्शन हैं। यानी कई लोगों के पास एक से अधिक कनेक्शन हैं। इसके मुकाबले गांवों में प्रति 100 लोगों पर सिर्फ 37 इंटरनेट कनेक्शन हैं।
राज्य का कुल इंटरनेट घनत्व 51.65 कनेक्शन प्रति 100 आबादी है, जो राष्ट्रीय औसत 76.59 से करीब 25 अंक कम है। इससे साफ है कि बड़ी संख्या में कनेक्शन होने के बावजूद बिहार डिजिटल पहुंच के मामले में राष्ट्रीय औसत से पीछे है।
इसकी प्रमुख वजह बिहार की बड़ी ग्रामीण आबादी मानी जा रही है। राज्य की बड़ी जनसंख्या गांवों में रहती है, जहां इंटरनेट सेवाओं की पहुंच और उपयोग अभी भी सीमित है। ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल साक्षरता की कमी और पर्याप्त बुनियादी ढांचे का अभाव भी इंटरनेट के इस्तेमाल में बाधा बन रहा है।
देश में सबसे ज्यादा इंटरनेट सब्सक्राइबर उत्तर प्रदेश में हैं, जहां 14.64 करोड़ कनेक्शन हैं। महाराष्ट्र 9.23 करोड़ के साथ दूसरे स्थान पर है। बिहार का आंकड़ा करीब 8.95 करोड़ है। ऐसे में राज्य के सामने अब सिर्फ इंटरनेट कनेक्शन बढ़ाने की नहीं, बल्कि गांवों तक उसकी प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करने की चुनौती है।