Hindi News / पीएम आवास के तहत आशियाना

बिहार में 41 लाख परिवारों को पक्का मकान : पीएम आवास के तहत आशियाना

Edited By:  |
bihar mein 41 lakh pariwaro ko pakkka makan

पटना:बिहार सरकार ने ग्रामीण विकास के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है. सरकार ने राज्य के 41 लाख से अधिक परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत पक्का मकान देने का दावा किया है. ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने इस उपलब्धि की जानकारी देते हुए कहा कि यह सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और योजनाओं के सफल क्रियान्वयन का परिणाम है.

योजना के तहत कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों को प्राथमिकता

मंत्री श्रवण कुमार ने बताया कि योजना के तहत गरीब, बेघर और कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों को प्राथमिकता दी गई है,ताकि उन्हें सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन मिल सके. प्रत्येक लाभार्थी को पक्के मकान के निर्माण के लिए तीन किस्तों में आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है, जिससे वे चरणबद्ध तरीके से अपने घर का निर्माण पूरा कर सकेंगे.

आवास निर्माण कार्य तेजी से बढ़ रहा आगे

उन्होंने कहा कि राज्य में आवास निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है और अब भी कई जिलों में नए लाभार्थियों की पहचान कर उन्हें योजना से जोड़ा जा रहा है. सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र परिवार बिना पक्के घर के ना रहे.

ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती

ग्रामीण विकास विभाग के अनुसार, इस योजना ने न केवल लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाया है,बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती दी है, क्योंकि इससे निर्माण कार्यों में स्थानीय मजदूरों को रोजगार मिला है.

लाभार्थियों के बैंक खाते में भेजा जा रहा राशि

सरकार का दावा है कि पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से लाभ सीधे लाभार्थियों के बैंक खाते में भेजा जा रहा है, जिससे भ्रष्टाचार की संभावना कम हुई है. आने वाले समय में इस योजना के दायरे को और बढ़ाने की तैयारी भी की जा रही है.

ग्रामीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम

इस ऐतिहासिक उपलब्धि को बिहार में ग्रामीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जो राज्य के सामाजिक और आर्थिक विकास में अहम भूमिका निभाएगा.