Hindi News / पटना एयरपोर्ट में टाइल्स गिरते ही मची अफरा-तफरी, यात्रियों में दहशत, प्रशासन जांच...

BIG NEWS : पटना एयरपोर्ट में टाइल्स गिरते ही मची अफरा-तफरी, यात्रियों में दहशत, प्रशासन जांच में जुटा

Edited By:  |
big news

पटना: राजधानीपटना केJay Prakash Narayan International Airportके नए टर्मिनल से बड़ी खबर सामने आई है,जहां अराइवल एरिया में अचानक दीवार से टाइल्स टूटकर गिर गईं और मौके पर अफरा-तफरी मच गई. घटना के वक्त वहां कई यात्री मौजूद थे,अचानक तेज आवाज होने से लोग घबरा गए और कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार,टाइल्स दीवार से उखड़कर सीधे जमीन पर गिरीं,जिससे लोग इधर-उधर भागने लगे. हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई भी यात्री घायल नहीं हुआ और बड़ा हादसा टल गया. एयरपोर्ट प्रशासन ने भी इस घटना की पुष्टि की है. एयरपोर्ट डायरेक्टर सी.पी. द्विवेदी ने बताया कि उस समय वहां मेंटेनेंस का काम चल रहा था और चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए थे.

घटना के तुरंत बाद संबंधित क्षेत्र को घेर दिया गया और यात्रियों की आवाजाही पर अस्थायी रोक लगा दी गई. प्रशासन का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है.

हाल ही में तैयार हुए इस नए टर्मिनल में इस तरह की घटना ने निर्माण गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े कर दिए हैं. अब देखना होगा कि जांच में क्या सामने आता है और जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होती है.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--