BIG NEWS : पटना में पुलिस ने बजाज-धनी फाइनेंस के नाम पर साइबर ठगी मामले में 5 आरोपी युवकों को दबोचा
पटना : बजाज फाइनेंस और धनी फाइनेंस के नाम पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के जरिए लोगों से साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पटना साइबर थाना की पुलिस ने पर्दाफाश किया है. पुलिस ने इस मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस के अनुसार,आरोपी फेसबुक के माध्यम से लोगों को प्रोसेसिंग फीस,जीएसटी और सिविल स्कोर बढ़ाने समेत अन्य तरह के झांसे देकर साइबर ठगी करते थे. प्रारंभिक जांच में गिरोह के संगठित तरीके से साइबर अपराध करने की बात सामने आई है.
12 मोबाइल समेत कई सामान बरामद
गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने 12 मोबाइल फोन,1 सिम कार्ड,11 एटीएम,1 लैपटॉप,1 कॉपी,6 पासबुक,2 राउटर और 55 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं. पुलिस को आरोपियों के मोबाइल से देश के विभिन्न राज्यों से संबंधित एनसीआरपी शिकायतें भी मिली हैं.
शेखपुरा और नालंदा के रहने वाले आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों में सचिन कुमार (22),मोनिका पटेल उर्फ पटेल मोनिका संजय (26),अभिषेक कुमार (23),सन्नी कुमार (23) और विधि विरुद्ध बालक विशाल कुमार (17) शामिल हैं. पुलिस के मुताबिक आरोपियों का संबंध शेखपुरा और नालंदा जिले से है.
पटना साइबर थाना पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और साइबर ठगी के नेटवर्क की भी जांच कर रही है.
साइबर ठगी का शिकार होने पर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें.
पटना से विवेक कुमार रॉय की रिपोर्ट--