BIG NEWS : शेरघाटी के चइया नदी में बही 4 युवतियां, 3 को ग्रामीणों ने बचाया, 1 का शव बरामद
शेरघाटी:बड़ी खबर बिहार के शेरघाटी से है जहां अनुमंडल के मोहनपुर थाना क्षेत्र में चइया नदी पार करने के दौरान 4 युवतियां पानी के तेज बहाव की वजह से बह गई. हादसे के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई. मौके पर मौजूद महिला की तत्परता से 3 युवतियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया,जबकि एक युवती तेज धारा में बहकर लापता हो गई थी. काफी खोजबीन के बाद गुरुवार को एसडीआरएफ की टीम ने लापता युवती का शव नदी से बरामद किया.
मृत युवती की पहचान धरहरा पंचायत के पूर्ण धरहरा गांव निवासी मंजू कुमारी (19) के रूप में हुई है. शव बरामद होने की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. परिवार के लोगों का रो-रो कर बुरा हाल है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार,पूर्ण धरहरा गांव की चार युवतियां छात्रवृत्ति का फार्म भरने के लिए एक साथ घर से डंगरा बाजार जा रही थी. इसी दौरान पूर्ण धरहरा छठ घाट के समीप चइया नदी को पार करने लगी. लगातार हो रही बारिश के कारण नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ था और पानी का बहाव भी काफी तेज था. नदी पार करने के दौरान चारों युवतियां अचानक तेज धारा की चपेट में आ गईं और बहने लगी.
युवतियों को नदी में बहता देख आसपास मौजूद ग्रामीणों ने शोर मचाया. इसके बाद ग्रामीणों और मौके पर मौजूद एक महिला ने तत्परता दिखाते हुए बचाव अभियान शुरू किया. काफी प्रयास के बाद विभा कुमारी,सुमन कुमारी और रीकू कुमारी को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया गया. वहीं,मंजू कुमारी तेज बहाव में बहकर लापता हो गई थी. एसडीआरएफ की टीम ने लापता युवती का शव बरामद किया.
शेरघाटी से राम प्रवेश कुमार की रिपोर्ट--