Hindi News / बिहार राजस्व विभाग में बड़ी कार्रवाई, 8 अधिकारियों पर सख्ती

BIG BREAKING : बिहार राजस्व विभाग में बड़ी कार्रवाई, 8 अधिकारियों पर सख्ती

Edited By:  |
big breaking

पटना: राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं को लेकर सरकार की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है. ताजा मामले में विभाग ने 8 अधिकारियों/कर्मचारियों पर विभागीय कार्रवाई करते हुए विभिन्न स्तरों पर दंड और आरोप पत्र की प्रक्रिया आगे बढ़ाई है.

पहले मामले में तत्कालीन अंचल निरीक्षक संतु कुमार राम (रतनीफरीदपुर,जहानाबाद) पर ₹1,000 रिश्वत लेते हुए निगरानी ब्यूरो द्वारा गिरफ्तार किए जाने का गंभीर आरोप है. इस पर पेंशन में 100 प्रतिशत स्थायी कटौती का दंड निर्धारित किया गया है.

दूसरे मामले में सुरजेश्वर श्रीवास्तव पर बिना अनुमति लंबे समय तक अनुपस्थित रहने का आरोप है,जिस पर आरोप पत्र गठित किया गया है. वहीं जयप्रकाश स्वर्णकार (सुपौल-त्रिवेणीगंज,मधेपुरा) पर स्थानांतरण के बावजूद दाखिल-खारिज मामलों के निष्पादन को लेकर सवाल उठे हैं,जिस पर कारणपृच्छा मांगी गई है.

अजय कुमार सरकार (नारायणपुर,भागलपुर) पर ₹5 लाख रिश्वत मांगने के आरोप में विभागीय जांच चल रही है. आमोद कुमार पर दस्तावेजों में अनियमितता और दोबारा स्वीकृति देने से जुड़ा मामला दर्ज है,जिस पर भी स्पष्टीकरण मांगा गया है.

विजय कुमार गुप्ता पर दाखिल-खारिज मामलों में पुनः स्वीकृति देने को लेकर कार्रवाई करते हुए 2 वर्ष के लिए 10 प्रतिशत पेंशन कटौती का दंड दिया गया है. वहीं सीमा रानी पर सरकारी भूमि अभिलेखों में कथित जालसाजी के आरोप में विभागीय कार्यवाही जारी है.

इसके अलावा नागेंद्र प्रसाद पर भी दाखिल-खारिज मामलों में अनियमित निर्णय को लेकर आरोप पत्र गठित किया गया है.

विभागीय स्तर पर इन कार्रवाइयों को भ्रष्टाचार पर नकेल कसने और प्रशासनिक पारदर्शिता बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है. सरकार ने स्पष्ट संकेत दिया है कि किसी भी स्तर पर अनियमितता और भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--