BIG BREAKING : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन दो दिवसीय दौरे पर 6 जून को आयेंगे झारखंड
Ranchi : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का दो दिवसीय झारखंड दौरे का आधिकारिक कार्यक्रम तय हो गया है. राष्ट्रीय अध्यक्ष का आगामी06एवं07जून को झारखंड दौरा होना है. राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद राज्य में यह उनका पहला दौरा है. उक्त जानकारी भाजपा के प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाऊरी ने दी. उन्होंने कहा कि इन दो दिनों में कई कार्यक्रमों और सांगठनिक बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष हिस्सा लेंगे.
बाउरी ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष06जून को पूर्वाह्न11.30बजे सेवा विमान के द्वारा रांची एयरपोर्ट पहुंचेंगे. जहां पार्टी के कार्यकर्ताओं के द्वारा उनका भव्य स्वागत और अभिनंदन किया जाएगा. इसके बाद एयरपोर्ट के समीप ही उनका वृक्षारोपण का कार्यक्रम है. इसके बाद भारत रत्न स्व.कर्पूरी ठाकुर,धरती आबा बिरसा मुंडा,स्व. कैलाशपति मिश्र की प्रतिमा पर माल्यार्पण का उनका कार्यक्रम है. तत्पश्चात उनका आगमन भाजपा प्रदेश कार्यालय में होगा. इसी दिन राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रबुद्धजन संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे.
वहीं राष्ट्रीय अध्यक्ष के07जून के प्रस्तावित कार्यक्रम की जानकारी देते हुए प्रदेश महामंत्री ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के कूचू,ओरमांझी स्थित आवास पर उनका अल्पाहार का कार्यक्रम है. इस दिन ही राष्ट्रीय अध्यक्ष आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में भाग लेंगे.
प्रदेश महामंत्री ने बताया कि इसके अलावा कई सांगठनिक बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष का कार्यक्रम प्रस्तावित है. सात जून की रात्रि में राष्ट्रीय अध्यक्ष दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे.
रांची से राजीव मोहन श्रीवास्तव की रिपोर्ट—