BIG BREAKING : बिहार में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, IAS दीपक आनंद बने खेल विभाग का सचिव , देखें पूरी सूची
पटना: बिहार सरकार ने गुरुवार को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS)के कई वरिष्ठ अधिकारियों का तबादला और अतिरिक्त प्रभार से संबंधित अधिसूचना जारी की. सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के तहत विभिन्न विभागों में प्रशासनिक फेरबदल किया गया है.
अधिसूचना के अनुसार,अभय कुमार सिंह को ग्रामीण कार्य विभाग का सचिव बनाया गया है. वे अगले आदेश तक सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे. वहीं दिवेश सेहरा को ग्रामीण कार्य विभाग से स्थानांतरित कर खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग का सचिव बनाया गया है. उन्हें जांच आयुक्त,सामान्य प्रशासन विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी जारी रहेगा.
दीपक आनंद को खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग से स्थानांतरित कर खेल विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है. राजीव रौशन को उच्च शिक्षा विभाग के सचिव के साथ-साथ बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की प्रक्रिया पूरी होने तक शिक्षा विभाग और खेल विभाग का अतिरिक्त प्रभार पहले से प्राप्त है. अब उन्हें वित्त विभाग (संसाधन) का भी अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है.
रचना पाटिल,जो वित्त विभाग में सचिव (व्यय) हैं,उन्हें कृषि विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है. इनायत खान को बिहार राज्य शैक्षणिक आधारभूत संरचना विकास निगम से स्थानांतरित कर महिला एवं बाल विकास निगम की प्रबंध निदेशक बनाया गया है.
इसके अलावा धर्मेन्द्र कुमार को शिक्षा विभाग के विशेष सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है,जबकि मनेश कुमार मीणा को बिहार राज्य शैक्षणिक आधारभूत संरचना विकास निगम के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है. वहीं श्वेता भारती का खगड़िया से स्थानांतरण कर सीतामढ़ी में उप विकास आयुक्त-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी,जिला परिषद के पद पर पदस्थापन किया गया है.
बिहार सरकार का यह प्रशासनिक फेरबदल विभिन्न विभागों में कार्यों के बेहतर समन्वय और प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-