Hindi News / JPSC के पूर्व चेयरमैन एल ख्यांग्ते को CID ने किया गिरफ्तार ...

BIG BREAKING : JPSC के पूर्व चेयरमैन एल ख्यांग्ते को CID ने किया गिरफ्तार

Edited By:  |
big breaking

रांची:इस वक्त की बड़ी खबर राजधानी रांची से है जहां झारखंड लोक सेवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष एल ख्यांगते गिरफ्तार हो गए. सीआईडी ने पिछले कई दिनों से उनसे लंबी पूछताछ के बाद सोमवार को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तारी के बाद सीआईडी कीटीम उन्हें कार्यालय लेकर गई है. बताया जा रहा है कि पूछताछ की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें शाम में कोर्ट के समक्ष प्रस्तुत किया जा सकता है.

बता दें कि जेपीएससी की परीक्षाओं में अनियमितता की जांच कर रही सीआईडी की टीम को अब तक की छानबीन में कई अहम जानकारियां मिली है. जेपीएससी की परीक्षाओं को संचालित करने की जिम्मेदारी जिस मेसर्स टीएसआर डेटा प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड को दी गई थी उसमें रिश्वत और कमीशन का बड़ा खेल हुआ था.

मामले में टीडीपीएल के मार्केटिंग मैनेजर अभय कुमार तिवारी उर्फ मनोज कुमार तिवारी के अनुसार टीडीपीएल को ठेका दिलाने के एवज में जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष सह झारखंड के पूर्व मुख्य सचिव सेवानिवृत्त आइएएस अधिकारी एल ख्यांग्ते ने 2 करोड़ रुपये में सौदा किया था.

इतना ही नहीं उन्होंने टीडीपीएल को इस शर्त के साथ परीक्षा संचालित करने की जिम्मेदारी सौंपी थी कि एजेंसी को सभी भुगतान के एवज में 20 प्रतिशत का कमीशन भी देना होगा. यह पूरा खुलासा टीडीपीएल के मार्केटिंग मैनेजर अभय कुमार तिवारी ने सीआइडी के सामने अपनी स्वीकारोक्ति बयान में किया है. इसी को लेकर सीआईडी की टीम ने जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष एल ख्यांग्ते को गिरफ्तार कर लिया है.

रांची से नैयर की रिपोर्ट-