भोजपुर-बक्सर एमएलसी उपचुनाव घोषित : 12 मई को मतदान, अधिसूचना 16 अप्रैल, 14 मई को मतगणना, आचार संहिता लागू
पटना: बिहार विधान परिषद की भोजपुर-बक्सर स्थानीय प्राधिकारी सीट पर उपचुनाव की घोषणा कर दी गई है. निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार चुनाव प्रक्रिया 16 अप्रैल 2026 से शुरू होकर 15 मई 2026 तक पूरी कर ली जाएगी. यह सीट पूर्व सदस्य राधाचरण सेठ के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी,जिन्होंने विधायक बनने के बाद परिषद की सदस्यता छोड़ दी थी.
आयोग के मुताबिक 16 अप्रैल को अधिसूचना जारी होते ही नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी. उम्मीदवार 23 अप्रैल तक अपने नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे. इसके बाद 24 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी. उम्मीदवारों के लिए नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 27 अप्रैल तय की गई है.
इस सीट के लिए मतदान 12 मई 2026 को कराया जाएगा,जबकि मतगणना 14 मई को होगी. पूरी चुनाव प्रक्रिया 15 मई तक समाप्त कर ली जाएगी. चुनाव की घोषणा के साथ ही संबंधित क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है. आयोग ने सभी राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों को निर्देश दिया है कि वे नियमों का सख्ती से पालन करें,ताकि चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न हो सके.
इस उपचुनाव में चुने जाने वाले सदस्य का कार्यकाल सीमित रहेगा. आयोग के अनुसार विजेता उम्मीदवार केवल शेष अवधि के लिए सदस्य बनेगा,जो 7 अप्रैल 2028 तक होगी. यानी यह पूर्ण कार्यकाल का चुनाव नहीं,बल्कि रिक्त सीट को भरने की प्रक्रिया है.
गौरतलब है कि राधाचरण सेठ ने 2025 में हुए विधानसभा चुनाव में संदेश सीट से जीत हासिल की थी. इसके बाद उन्होंने विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था,जिससे यह सीट रिक्त हो गई. वे वर्ष 2015 से 2025 तक परिषद के सदस्य रहे और क्षेत्रीय राजनीति में उनका प्रभाव महत्वपूर्ण माना जाता है.
इस उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज होने की संभावना है,क्योंकि स्थानीय निकाय प्रतिनिधि इस चुनाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और सभी प्रमुख दल इसे प्रतिष्ठा की लड़ाई के रूप में देख रहे हैं.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--