Hindi News / सावन की पहली सोमवारी पर किया जलाभिषेक,सुख-समृद्धि की कामना की

बाबा हरिहरनाथ मंदिर पहुंचे तेजस्वी यादव : सावन की पहली सोमवारी पर किया जलाभिषेक,सुख-समृद्धि की कामना की

Edited By:  |
bba hariharnath mandir pahuchey tejaswi yadav

राष्ट्रीय जनता दल के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सावन की पहली सोमवारी पर सोनपुर स्थित ऐतिहासिक बाबा हरिहरनाथ मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक किया. उन्होंने पूरे विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की.मंदिर पहुंचने पर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और श्रद्धालु परिसर में जमा हो गए. इस दौरान 'हर-हर महादेव' और 'भोलेनाथ' के जयकारों से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया. तेजस्वी यादव ने मंदिर के गर्भगृह में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ जलाभिषेक किया.उन्होंने राज्य की सुख-समृद्धि, शांति और जनता के कल्याण की कामना की. पूजा के बाद उन्होंने मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और कुछ समय तक बातचीत की.

इस अवसर पर आरजेडी के कई वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक भी तेजस्वी यादव के साथ मौजूद रहे. इन सभी नेताओं ने भी बाबा हरिहरनाथ के दरबार में पूजा-अर्चना की. मंदिर प्रशासन ने पूजा के लिए विशेष व्यवस्था की थी, जबकि सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात किया गया था. श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन सतर्क रहा.

सावन की पहली सोमवारी होने के कारण सुबह से ही बाबा हरिहरनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखी गईं. दूर-दराज से आए शिवभक्तों ने गंगा जल और अन्य पूजन सामग्री से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया. श्रद्धालुओं का मानना है कि सावन माह में शिव की आराधना से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं. तेजस्वी यादव के मंदिर आगमन से कार्यकर्ताओं में उत्साह था.