Hindi News / धरने पर बैठी मां ने कहा - उनका बेटा निर्दोष, जबकि रवीश के...

बंटी यादव हत्या मामला : धरने पर बैठी मां ने कहा - उनका बेटा निर्दोष, जबकि रवीश के खिलाफ आपराधिक रिकॉर्ड और हत्या के सबूत

Edited By:  |
banti yadav hatya mamla

पटना: बंटी यादव अपहरण एवं हत्या मामले में मुख्य आरोपी रवीश उर्फ बीसिया के पुलिस मुठभेड़ में घायल होने के बाद विवाद और गहरा गया है.मृतक बंटी यादव की मां ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि भरत तिवारी का "फुल एनकाउंटर" हुआ,तो हत्या के आरोपी रवीश का केवल "हाफ एनकाउंटर" क्यों किया गया.इसी मांग को लेकर बंटी के परिजन धरने पर बैठ गए हैं.

धरने के दौरान बंटी की मां ने कहा कि उनका बेटा निर्दोष था,जबकि रवीश के खिलाफ आपराधिक रिकॉर्ड और हत्या के सबूत मौजूद हैं.उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस रवीश को बचाने की कोशिश कर रही है और उसका इलाज कराया जा रहा है.परिवार का कहना है कि उन्हें पुलिस की कार्रवाई पर भरोसा नहीं है और वे आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

बंटी के भाई ने भी पुलिस की कार्रवाई पर असंतोष जताते हुए कहा कि केवल पैर में गोली मारने से न्याय नहीं मिलेगा.उनका आरोप है कि यदि आरोपी जीवित रहा तो वह जेल से भी उनके परिवार को नुकसान पहुंचा सकता है.परिजनों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे.

वहीं,पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी रवीश को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया गया है और उससे पूछताछ जारी है.मामले की जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-